मनोज बाजपेयी की 'घूसखोर पंडत' के टाइटल पर छिड़ा विवाद, क्या रिलीज से पहले बदलेगा नाम?
मनोज बाजपेयी भारतीय सिनेमा के उन चुनिंदा कलाकारों में से एक हैं, जो अपनी अदाकारी से किसी भी किरदार में जान फूंक देते हैं। लेकिन इस बार उनकी आने वाली फिल्म 'घूसखोर पंडत' विवादों में घिर गई है। हाल ही में इस फिल्म की घोषणा हुई है। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।
इस फिल्म के टाइटल 'घूसखोर पंडत' को लेकर विवाद छिड़ गया है। फिल्म में मनोज बाजपेयी एक भ्रष्ट पुलिस ऑफिसर के रोल में नजर आने वाले हैं। फिल्म के टाइटल में 'पंडत' शब्द पर कई लोग आक्रोश जता रहे हैं। कई लोग आरोप लगा रहे हैं कि यह फिल्म जातिवाद फैला रही है। पंडत शब्द एक खास वर्ग को टारगेट करता है।
खबरों के अनुसार, फिल्म के नाम में 'पंडत' शब्द के साथ 'घूसखोर' विशेषण लगाने पर कई ब्राह्मण संगठनों और सोशल मीडिया यूजर्स ने कड़ी आपत्ति जताई है। विरोध करने वालों का तर्क है कि फिल्म का शीर्षक एक विशेष समुदाय की छवि को नकारात्मक रूप से चित्रित करता है।
एक्स पर 'Boycott Netflix' और 'Change Movie Title' जैसे हैशटैग ट्रेंड कर रहे हैं, जिसमें फिल्म के मेकर्स से नाम बदलने की मांग की जा रही है। एक यूजर ने लिखा, 'पंडितों और ब्राह्मणों के खिलाफ नफरत को नॉर्मलाइज करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मैं नेटफ्लिक्स को कोर्ट में देखूंगा।'
फिल्म 'घूसखोर पंडत' का निर्देशन रितेश शाह ने किया है। फिल्म को नीरज पांडे ने लिखा है। फिल्म में मनोज बाजपेयी के साथ नुसरत भरूचा, साकिब सलीम, अक्षय ओबेरॉय, कीकू शारदा और श्रद्धा दास अहम रोल में हैं। फिलहाल फिल्म की रिलीज डेट अनाउंस नहीं हुई है।