संजय कपूर से शादी से पहले अभिषेक बच्चन संग हुई थी करिश्मा कपूर की सगाई, इस वजह से टूट गया था रिश्ता
बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर का हाल ही में निधन हुआ है। संजय कपूर एक प्रसिद्ध बिजनेसमैन थे। करिश्मा ने साल 2003 में संजय संग शादी रचाई थी। हालांकि शादी के कुछ सालों बाद ही दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद से करिश्मा अकेले अपने दोनों बच्चों की परवरिश कर रही हैं।
करिश्मा कपूर शादी से पहले अपनी लव लाइफ को लेकर काफी सुर्खियों में रही थीं। संजय कपूर से शादी के पहले 2002 में करिश्मा की सगाई बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के बेटे अभिषेक बच्चन संग हुई थी। जया बच्चन ने कहा था कि करिश्मा जल्द बच्चन परिवार की बहू बन जाएंगी।
लेकिन बाद में बच्चन और कपूर परिवार ने इस सगाई को तोड़ दिया था। सगाई से पहले करिश्मा और अभिषेक काफी समय तक रिलेशनशिप में रहे थे। कई बार अभिषेक से मिलने करिश्मा के साथ उनकी छोटी बहन करीना कपूर भी आ जाती थीं और अभिषेक को 'जीजू' कह कर भी पुकारती थीं।
कपूर और परिवार ने इस रिश्ते को नेक्स्ट लेवल तक ले जाने की सोची और अभिषेक-करिश्मा की सगाई कर दी। करिश्मा उस समय अभिषेक बच्चन से भी बड़ी स्टार थीं और उनकी फिल्में लगातार बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही थीं। दूसरी ओर अभिषेक अपने करियर में लड़खड़ा रहे थे।
बताया जाता है कि एक दिन बातों-बातों में करिश्मा की मां बबीता कपूर ने अभिषेक की कमाई या आर्थिक हालात के बारे में पूछ लिया। उन्हें लगा कि वे इस बात को जानने का हक रखती हैं कि उनका होने वाला दामाद कितना कमाता है। यह बात बच्चन परिवार को बुरी लगी। इसको लेकर दोनों परिवारों में मतभेद हुए। कहा जाता है कि इसी को लेकर सगाई तोड़ दी गई।
वहीं 2005 में अमिताभ बच्चन ने कॉफी विद करण में अभिषेक की सगाई टूटने के पीछे की वजह बताई थी। बिग बी ने कहा था कि दोनों का रिश्ता टूटना हमारे लिए बेहद दुखद था। रिश्ते बन रहे हैं और टूट रहे हैं ये किसी भी यंग आदमी को परेशान कर सकता है। एक परिवार के लिए भी ये काफी परेशान करने वाला होता है।
उन्होंने कहा था, हम नहीं चाहते कि ऐसा किसी के साथ हो लेकिन अगर परिस्थितियां मिलन के लिए अच्छी नहीं हैं, तो बेहतर है कि आप अलग-अलग रास्ते अपनाएं। हमारे यहां भी यही हुआ। मेरे परिवार ने हमेशा उस बात को माना है जो मेरे पिता ने बहुत पहले मुझे सिखाया था। मन का हो तो अच्छा, मन का न हो तो और अच्छा। वो फिर भगवान के मन का होता है और भगवान आपके लिए कभी बुरा नहीं चाहेगा।
अभिषेक से अलग होने के बाद करिश्मा कपूर ने बिजनेसमैन संजय कपूर से शादी की और उनका अनुभव बहुत ही खराब रहा। संजय और उनकी मां पर करिश्मा ने कई गंभीर आरोप लगाए थे। संजय ने भी पलट कर जवाब दिए थे। आखिरकार दोनों में तलाक हो गया। करिश्मा अपने दोनों बच्चों के साथ रहती हैं। दूसरी ओर अभिषेक के जीवन में ऐश्वर्या राय आ गईं और दोनों ने विवाह रचा लिया।