1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. Godzilla vs Kong to have a digital premiere on Amazon Prime Video

अमेज़न प्राइम वीडियो पर 14 अगस्त को ‘गॉडज़िला वर्सेस कौंग’ का डिजीटल प्रीमियर | Godzilla vs Kong to have a digital premiere on Amazon Prime Video

दुनिया भर में शानदार रिव्यू मिलने के बाद ‘गॉडज़िला वर्सेस कौंग’ का अमेज़न प्राइम वीडियो पर अंग्रेजी के साथ-साथ तीन भारतीय भाषाओं- हिंदी, तमिल और तेलुगु में डिजिटल प्रीमियर होने जा रहा है।

अमेज़न प्राइम वीडियो
अमेज़न प्राइम वीडियो ने बॉबी ब्राउन और अलेक्जेंडर स्कार्सगार्ड स्टारर ‘गॉडज़िला वर्सेस कौंग’ फिल्म की रिलीज़ डेट घोषित कर दी है। अमेज़न प्राइम वीडियो पर इस बहु-प्रतीक्षित फिल्म की स्ट्रीमिंग 14 अगस्त, 2021 से शुरू होगी। मूल भाषा अंग्रेजी के अलावा इस फिल्म को तीन भारतीय भाषाओं- हिंदी, तमिल और तेलुगु में डब किया गया है। 
 
एडम विंगर्ड द्वारा निर्देशित इस फिल्म में रेबेका हॉल, ब्रायन टायरी हेनरी, शुन ओगुरी, ईज़ा गोंजालेज, जूलियन डेनिसन, लांस रेडिक, काइली चैंडलर और डेमियन बिचिर भी केंद्रीय भूमिकाएं निभा रहे हैं। ‘गॉडज़िला वर्सेस कौंग’ फिल्म ‘कौंग: स्कल आइलैंड’ (2017) और ‘गॉडज़िला: किंग ऑफ द मॉन्स्टर्स’ (2019) का सीक्वल है तथा किंग कांग फ्रैंचाइज की 12वीं और गॉडज़िला फ्रैंचाइज़ की 36वीं फिल्म है। यह महाकाव्यात्मक फिल्म दैत्यों की दुनिया के दो महानतम आयकॉन- गॉडज़िला और कौंग को एक दूसरे के खिलाफ मैदान में उतारती है, जहां मानवता दांव पर लगी हुई है।
 
दोनों आयकॉन के बीच होने वाली ऐतिहासिक टक्कर के बारे में निर्देशक एडम विंगर्ड बताते हैं, 'यह लड़ाई 1962 के बाद दोबारा नहीं छिड़ी है। ऐसे में इन दोनों दैत्यों के साथ आने का यह हमारे लिए सबसे निर्णायक और संतोषजनक संस्करण साबित होने जा रहा है। ऐसा करते हुए और यह जानते हुए कि दोनों दैत्य अलग-अलग लोगों के फेवरेट हैं, हमें दोनों के समर्थकों को संतुष्ट करना था। इन दोनों आयकॉन की अपनी-अपनी विशेष अनूठी शक्तियां और कमजोरियां हैं... इसलिए इन तमाम चीजों को ध्यान में रखा गया है। हमारे लिए सबसे अहम बात यह थी कि इसे अब तक की सर्वश्रेष्ठ महाकाव्यात्मक लड़ाई बनाया जाए।'  
 
यह मूवी कांग और उसके संरक्षकों पर केंद्रित है, जो उसका असली घर खोजने के लिए एक खतरनाक यात्रा पर निकल पड़ते हैं। इन लोगों के साथ एक अनाथ लड़की जिया भी है, जिसके साथ कॉंग ने एक अनोखा और अटूट बंधन बना लिया है। हालांकि ये लोग अप्रत्याशित रूप से एक बेहद गुस्साए हुए गॉडज़िला के रास्ते में फंस जाते हैं, जो पूरी दुनिया पर कहर बरपा रहा है। ‘गॉडज़िला वर्सेस कांग’ के निर्माता वार्नर ब्रदर्स पिक्चर्स और लीजेंडरी एंटरटेनमेंट है। 
अगला लेख
उर्वशी रौटेला महंगी कार लैंबोर्गिनी में फंसी, कहा लंबी लड़कियों की परेशानियां