सोनू सूद को 20 बार ट्वीट कर शख्स ने की iPhone की डिमांड, एक्टर ने दिया मजेदार जवाब
कोरोना काल में सोनू सूद लोगों के मसीहा बनकर सामने आए हैं। एक्टर ने प्रवासी मजदूरों से लेकर छात्रों तक, सभी के लिए मदद का हाथ बढ़ाया है। कई लोग सोशल मीडिया पर अब भी सोनू से मदद मांग रहे हैं और एक्टर भी उनकी दिल खोलकर मदद कर रहे हैं।
वहीं कई लोग उनसे बेवजह की डिमांड भी कर रहे हैं। किसी ने उन से कभी प्ले स्टेशन मांगा तो कभी गाड़ी। अब एक फैन ने तो सोनू सूद से सीधे iPhone की मांग कर दी है। एक यूजर ने सोनू को ट्वीट कर कहा, 'सर एप्पल आईफोन चाहिए, इसके लिए मैंने 20 बार ट्वीट किया है।'
I also want a phone..for that I can tweet you 21 times. https://t.co/9VGB3YKAOw
— sonu sood (@SonuSood) September 2, 2020
फैन की इस मांग को सोनू सूद ने पूरा तो नहीं किया है लेकिन एक मजेदार जवाब जरूर दिया है। सोनू सूद ने कहा, 'मुझे भी फोन चाहिए, इसके लिए मैं भी आपको 21 बार ट्वीट कर सकता हूं।' सोनू ने इस ट्वीट के साथ हंसने वाले इमोजी का इस्तेमाल किया है।
सोनू सूद ने इससे पहले भी कई फैंस को ऐसे मजेदार जवाब दिए हैं। कुछ समय पहले एक यूजर ने सोनू से प्ले स्टेशन मांगा था। तब सोनू ने कहा था कि तुम किस्मत वाले हो जो तुम्हारे पास प्ले स्टेशन नहीं है। मैं तुम्हें किताबे दे सकता हूं।

