1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. director advait chandan quits karan johar film dostana 2

'दोस्ताना 2' फिर मुश्‍किल में फंसी, निर्देशक अद्वैत चंदन ने छोड़ी फिल्म!

Dostana 2 latest update
धर्मा प्रोडक्शंस की सबसे चर्चित फ्रेंचाइजी की फिल्म 'दोस्ताना 2' की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। प्रोडक्शन में देरी, कास्टिंग में बड़े बदलाव और कई बार नए सिरे से शुरुआत करने की कोशिशों के बाद, यह फिल्म एक बार फिर सुर्खियों में है। 
 
ताजा खबरों के अनुसार फिल्म के निर्देशक अद्वैत चंदन ने इस प्रोजेक्ट को अलविदा कह दिया है। हालांकि, धर्मा प्रोडक्शंस या करण जौहर की तरफ से इस विदाई को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार 'सीक्रेट सुपरस्टार' और 'लाल सिंह चड्ढा' जैसी फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले निर्देशक अद्वैत चंदन को फिल्म के ओरिजिनल डायरेक्टर कोलिन डी'कुन्हा के हटने के बाद इस प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अद्वैत पिछले करीब 7 महीनों से इस फिल्म की स्क्रिप्टिंग और डेवलपमेंट पर काम कर रहे थे।
 
फिल्म के ट्रीटमेंट, टोन और कहानी को आगे बढ़ाने के तौर-तरीकों को लेकर अद्वैत और निर्माताओं के बीच सहमति नहीं बन पा रही थी। आखिरकार, इन रचनात्मक मतभेदों के चलते अद्वैत ने फिल्म से पीछे हटना ही बेहतर समझा। हालांकि, राहत की बात यह है कि यह विदाई पूरी तरह से सौहार्दपूर्ण रही है और दोनों पक्षों के बीच कोई कड़वाहट या विवाद नहीं है।
 
विक्रांत मैसी और सिनी शेट्टी के साथ होना था कमबैक
'दोस्ताना 2' को पूरी तरह से रीवैम्प किया गया था। इस नए वर्जन के लिए नेशनल फिल्म अवॉर्ड विनर विक्रांत मैसी उभरते हुए स्टार लक्ष्य और साल 2022 की मिस इंडिया वर्ल्ड सिनी शेट्टी का नाम लगभग फाइनल माना जा रहा था। खुद विक्रांत मैसी ने एक इंटरव्यू में धर्मा प्रोडक्शंस की इस फिल्म का हिस्सा होने पर खुशी जाहिर की थी। 
वहीं, भरतनाट्यम डांसर सिनी शेट्टी के लिए यह फिल्म उनका शानदार बॉलीवुड डेब्यू होने वाली थी। लेकिन अद्वैत के जाने के बाद, अब इस पूरी कास्टिंग और फिल्म के भविष्य पर दोबारा अनिश्चितता के बादल मंडराने लगे हैं।
 
'दोस्ताना 2' का अब तक का सफर
साल 2008 में आई प्रियंका चोपड़ा, जॉन अब्राहम और अभिषेक बच्चन स्टारर 'दोस्ताना' बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर रही थी। इसके बाद 2019 में करण जौहर ने कार्तिक आर्यन, जाह्नवी कपूर और लक्ष्य के साथ इसके सीक्वल का ऐलान किया। गोवा में फिल्म की शूटिंग भी शुरू हो गई थी, लेकिन 2021 में एक ऐसा इनसाइड विवाद हुआ जिसने पूरी फिल्म को ठंडे बस्ते में डाल दिया।
 
कार्तिक आर्यन और करण जौहर के बीच हुए बड़े मतभेद के बाद कार्तिक को फिल्म से बाहर कर दिया गया। उस वक्त धर्मा प्रोडक्शंस ने आधिकारिक बयान जारी कर कार्तिक के साथ कभी काम न करने तक की बात कह दी थी। 
 
खबरों के अनुसार, फिल्म की मूल कहानी अभी भी दो भाई-बहनों के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन्हें अनजाने में एक ही लड़के से प्यार हो जाता है, जिससे बेहद मजेदार और उलझाव भरी परिस्थितियां पैदा होती हैं। कहानी में दम होने के कारण ही धर्मा प्रोडक्शंस कई झटकों के बाद भी इस प्रोजेक्ट को पूरी तरह बंद नहीं करना चाहता। 
 
अद्वैत चंदन के बाहर होने के बाद अब करण जौहर एक बार फिर ऐसे 'क्रिएटिव कैप्टन' यानी नए डायरेक्टर की तलाश में जुट गए हैं जो इस फ्रेंचाइजी को सही दिशा में आगे ले जा सके। जब तक नया नाम सामने नहीं आता, दर्शकों को इस सीक्वल के लिए अभी और इंतजार करना होगा।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
आलिया-रणबीर की तारीफ में बोले इम्तियाज अली, टैलेंट के आगे फीका पड़ता है नेपोटिज्म