सरोज खान के जीवन पर फिल्म बनाएंगे भूषण कुमार, दिग्गज कोरियोग्राफर की बरसी पर किया ऐलान
बॉलीवुड की दिग्गज कोरियोग्राफर सरोज खान के निधन को एक साल हो गया है। बीते साल 3 जुलाई को 71 साल की उम्र में सरोज खान ने आखिरी सांस ली थी। मास्टरजी के नाम से मशहूर सरोज खान ने अपने करियर में कई सुपरहिट गानों की कोरियोग्राफी की थी।
सरोज खान की पहली बरसी टी सीरीज के मालिक भूषण कुमार ने एक खास घोषणा की है। उन्होंने सरोज खान की बायोपिक बनाने का ऐलान किया है। भूषण कुमार ने सरोज खान के परिवार से उनकी जिंदगी पर फिल्म बनाने के राइट्स खरीद लिए हैं।
We're glad to announce that we've acquired the rights to the legendary choreographer, Saroj Khan's life story.
— T-Series (@TSeries) July 3, 2021
Stay tuned!#BhushanKumar #SarojKhan #TSeries @TSeries #RajuKhan #SukainaKhan #HinaKhan pic.twitter.com/8lzIrtZFL2
सरोज खान के स्ट्रगल और सक्सेस की कहानी को भूषण कुमार पर्दे पर दिखाएंगे। टी सीरीज ने अपने ट्विटर अकाउंट पर इस बारे में जानकारी दी है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, हमें यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि हमने दिग्गज कोरियोग्राफर सरोज खान की जीवन कहानी के अधिकार हासिल कर लिए हैं। बने रहिए।
खबरों के अनुसार इस बारे में बात करते हए भूषण कुमार ने कहा, सरोज जी ने न केवल अपने डांस मूव्स से कलाकारों के साथ दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया है, बल्कि उन्होंने हिन्दी सिनेमा में कोरियोग्राफी के क्षेत्र में भी क्रांति लाई है। उनके डांस स्टाइल ने कहानियां सुनाईं जिससे हर फिल्म निर्माता को मदद मिली।
बता दें कि सरोज खान अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी सुर्खियों में रहती थीं। उनका असली नाम निर्मला नागपाल था। वो एक सिंधी पंजाबी थीं। बंटवारे के बाद सरोज खान अपने परिवार के साथ भारत आ गई थीं। फिल्मों में काम करते वक्त उनके पिता ने उनका नाम बदलकर सरोज कर दिया था, ताकि उनके रूढ़ीवादी परिवार को उनकी बेटी के फिल्मों में काम करने के बारे में पता न चले।
