सलमान खान के भाई अरबाज खान ने मुंबई में किया करोड़ों का प्रॉपर्टी सौदा, इतने करोड़ में बेचा लग्जरी फ्लैट
बॉलीवुड के 'दबंग' खान परिवार इन दिनों फिल्मों के साथ-साथ मुंबई के रियल एस्टेट मार्केट में अपनी सक्रियता को लेकर चर्चा में है। ताजा खबरों के अनुसार, सलमान खान के भाई और अभिनेता-निर्माता अरबाज खान ने मुंबई के पॉश इलाके अंधेरी वेस्ट में स्थित अपना एक आलीशान अपार्टमेंट बेच दिया है।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन दस्तावेजों के मुताबिक, यह सौदा करोड़ों में हुआ है। अरबाज खान ने अंधेरी वेस्ट के लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स स्थित रुनवाल एलिगेंट प्रोजेक्ट में अपना फ्लैट बेचा है। यह अपार्टमेंट 6.5 करोड़ रुपए में बिका है।
इस ट्रांजैक्शन का पंजीकरण 5 मई, 2026 को हुआ। यह फ्लैट टॉवर B में स्थित है, जिसका कारपेट एरिया 1,369 वर्ग फुट है। इस सौदे के साथ खरीदार को दो कार पार्किंग स्पेस भी मिले हैं। इस डील के लिए खरीदारों ने 39 लाख रुपए की भारी-भरकम स्टाम्प ड्यूटी चुकाई है।
अंधेरी वेस्ट का यह इलाका मनोरंजन उद्योग के पेशेवरों और उद्यमियों के बीच काफी लोकप्रिय है, जिससे यहाँ की प्रॉपर्टी वैल्यू हमेशा ऊंची बनी रहती है। अंधेरी का फ्लैट बेचने से पहले अरबाज खान ने जोगेश्वरी वेस्ट में भी एक महत्वपूर्ण निवेश किया था। फरवरी 2026 में उन्होंने लिंक रोड पर स्थित 'ऑटोग्राफ रेजीडेंसी' में एक अपार्टमेंट खरीदा।
अतुल अग्निहोत्री की रियल एस्टेट में एंट्री
खान परिवार की रियल एस्टेट गतिविधियों में सिर्फ अरबाज ही नहीं, बल्कि उनके बहनोई अतुल अग्निहोत्री भी बड़े स्तर पर कदम रख रहे हैं। अतुल अग्निहोत्री अपनी फर्म 'शिवनसाई होममेकर इंफ्रा एलएलपी' के जरिए बांद्रा की एक 60 साल पुरानी बिल्डिंग के पुनर्विकास प्रोजेक्ट में शामिल हुए हैं।
पालीमाला को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी के इस प्रोजेक्ट में अग्निहोत्री परिवार और उनकी कंपनी 'रील लाइफ प्रोडक्शन' के पास पहले से ही 5 फ्लैट हैं। पुनर्विकास के बाद, इस सोसाइटी का कुल क्षेत्रफल 8,565 वर्ग फुट से बढ़कर 12,400 वर्ग फुट से अधिक हो जाएगा।--
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें