'सरके चुनर' गाना विवाद: संजय दत्त के बाद नोरा फतेही ने भी मांगी माफी, अनाथ बच्चियों की शिक्षा का उठाया जिम्मा
कन्नड़ मूवी 'केडी: द डेविल' के गाने 'सरके चुनर' पर विवाद अभी भी जारी है। इस गाने के बोल और फिल्मांकन पर बढ़ते विवाद के बाद नोरा फतेही को राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) के समक्ष पेश होना पड़ा। नोरा ने न केवल अपनी स्थिति स्पष्ट की, बल्कि भविष्य के लिए एक बड़ा सामाजिक संकल्प भी लिया।
नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय महिला आयोग के कार्यालय में नोरा फतेही पेश हुईं। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर की अध्यक्षता में हुई इस सुनवाई में नोरा ने अपना आधिकारिक बयान दर्ज कराया। नोरा ने सुनवाई के दौरान इस आइटम सॉन्ग को करने के लिए आयोग को लिखित में माफीनामा दिया।
नोरा ने कहा, मैं एक ऐसी स्थिति में अनजाने में फंस गई थी जहां मेरा इरादा किसी को ठेस पहुंचाने का नहीं था। लेकिन एक कलाकार के रूप में मैं अपनी जिम्मेदारी समझती हूं। उन्होंने लिखित में आयोग से माफी मांगी और बताया कि आयोग ने उनके पक्ष को बहुत ही सकारात्मक तरीके से सुना।
समाज सेवा का संकल्प
सुनवाई के बाद नोरा फतेही ने एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि वह अब कुछ अनाथ बच्चियों की शिक्षा को प्रायोजित करेंगी। नोरा ने कहा, समाज को वापस देना बहुत जरूरी है। इस विवाद के बाद मेरा लक्ष्य इन बच्चियों के भविष्य को संवारना है।
नोरा ने स्पष्ट किया कि उन्होंने फिल्म के कन्नड़ वर्जन के लिए शूटिंग की थी। उनका कहना है कि उन्हें कन्नड़ भाषा की पूरी समझ नहीं थी और उन्हें केवल गाने का एक संक्षिप्त सार बताया गया था। हिंदी वर्जन में उनके फुटेज का इस्तेमाल करने से पहले उनकी अनुमति नहीं ली गई। वह केवल एक कलाकार के तौर पर अपने निर्देशकों के विजन का पालन कर रही थीं।
'सरके चुनर' पर क्यों मचा बवाल?
मार्च 2026 में रिलीज होने के बाद से ही यह गाना विवादों के घेरे में आ गया था। सोशल मीडिया यूजर्स और आलोचकों ने इसके बोलों को "अश्लील" और "महिला विरोधी" करार दिया। गायक अरमान मलिक ने भी इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे लेखन का "नया निचला स्तर" बताया था।
बढ़ते दबाव और कानूनी शिकायतों के बाद, फिल्म के निर्माताओं ने इस गाने को यूट्यूब से हटा लिया। इससे पहले फिल्म के मुख्य अभिनेता संजय दत्त भी आयोग के सामने पेश होकर अपनी सफाई दे चुके हैं। फिल्म के डायरेक्टर, प्रोड्यूसर और लिरिस्टि भी इस गाने को लेकर माफी मांग चुके हैं।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें