1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. मुलाकात
  4. shilpa-shirodkar-plays-arambha-in-bk-modi-web-series-adi-shankaracharya

30 साल बाद भी सीखने का जुनून! वेब सीरीज 'आदि शंकराचार्य' में 'आरम्भा' का किरदार निभाकर भावुक हुईं शिल्पा शिरोडकर, जानें क्या कहा?

30 साल बाद भी सीखने का जुनून! वेब सीरीज 'आदि शंकराचार्य' में 'आरम्भा' का किरदार निभाकर भावुक हुईं शिल्पा शिरोडकर, जानें क्या कहा?
30 साल बाद भी सीखने का जुनून! वेब सीरीज 'आदि शंकराचार्य' में 'आरम्भा' का किरदार निभाकर भावुक हुईं शिल्पा शिरोडकर, जानें क्या कहा?
90 के दशक में अपनी अदाकारी से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाली अभिनेत्री शिल्पा शिरोडकर एक बार फिर चर्चा में हैं। शिल्पा जल्द ही जाने-माने निर्माता डॉ. बी.के. मोदी की बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज 'आदि शंकराचार्य' में एक बेहद खास और आध्यात्मिक किरदार निभाती नजर आएंगी। इस सीरीज में वे आदि शंकराचार्य की माता 'आरम्भा' की भूमिका में दिखाई देंगी। अपने इस नए प्रोजेक्ट को लेकर शिल्पा बेहद उत्साहित और भावुक हैं।
 

'भगवान ने मेरी प्रार्थना सुन ली'

जब शिल्पा को इस वेब सीरीज का ऑफर मिला, तो उनका पहला रिएक्शन क्या था? इस सवाल का जवाब देते हुए शिल्पा ने कहा, "मेरा पहला रिएक्शन यही था कि मुझे यह शो हर हाल में करना है। खुशकिस्मती से भगवान ने मेरी प्रार्थना सुन ली। मैं 'आदि शंकराचार्य' में उनकी मां 'आरम्भा' का किरदार निभा रही हूं। इतने खूबसूरत प्रोजेक्ट का हिस्सा बनकर मैं खुद को बेहद सम्मानित और धन्य महसूस कर रही हूं।"
 

निर्माता डॉ. बी.के. मोदी और टीम की तारीफ

सीरीज के निर्माता डॉ. बी.के. मोदी के साथ काम करने के अनुभव को साझा करते हुए शिल्पा ने उनकी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, "डॉ. मोदी बेहद प्यारे इंसान हैं। जब वे बोलते हैं, तो आप उनकी बातों की गहराई को समझ पाते हैं, क्योंकि आध्यात्मिक मार्ग पर उनकी जीवन यात्रा और ज्ञान अद्भुत है। उनके प्रोडक्शन हाउस के साथ काम करना मेरे लिए शानदार अनुभव है और मैं इसके लिए बहुत आभारी हूं।"
 
इसके साथ ही शिल्पा ने एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर चित्रा वकील शर्मा और अपनी करीबी दोस्त शीतल सिंह का भी शुक्रिया अदा किया। शिल्पा ने कहा कि चित्रा ने उनके इस सफर को बेहद खूबसूरत बना दिया है और वे भविष्य में चित्रा के नए प्रोडक्शन हाउस के साथ और भी काम करना चाहती हैं। वहीं शीतल के बारे में उन्होंने कहा, "शीतल पिछले जन्म से मेरी दोस्त हैं। मैं यह प्रोजेक्ट सिर्फ उन्हीं की वजह से कर रही हूं। उन्होंने मुझ पर भरोसा जताया। लोग उनके बारे में सही कहते हैं कि मैम अपने किसी भी वादे से कभी पीछे नहीं हटतीं।"
 

आध्यात्मिक गुरु की बात हुई सच, जिंदगी में आया बड़ा बदलाव

शिल्पा का मानना है कि इस किरदार ने उनके निजी जीवन और सोचने के नजरिए को पूरी तरह बदल दिया है। उन्होंने बताया, "व्यक्तिगत तौर पर मैं एक इंसान के रूप में अब बहुत शांत हो गई हूं। जब मैंने यह शो साइन किया था, तभी मेरी आध्यात्मिक गुरु 'सिंदम्मा' ने मुझसे कहा था कि यह प्रोजेक्ट मेरी जिंदगी बदल देगा। आज मैं अपने जीवन की हर परिस्थिति को एक बिल्कुल अलग और सकारात्मक नजरिए से देखती हूं।"
 

बदलाव के साथ चलना जरूरी वरना घर बैठना पड़ेगा

अपने तीन दशक लंबे फिल्मी करियर को याद करते हुए शिल्पा ने कहा कि उनकी सबसे बड़ी सीख यही है कि वे हर दिन कुछ नया सीखने के लिए तैयार रहती हैं। शिल्पा के मुताबिक, "30 साल पहले जब मैं काम कर रही थी, तब भी सीखने के लिए तैयार थी और आज भी हूं। आज समय बदल रहा है, लोगों की सोच बदल रही है और सिनेमा बनाने का तरीका बदल रहा है। अगर आप इस बदलाव का हिस्सा नहीं बनते हैं, तो आपको घर पर ही बैठना पड़ेगा।"
 
अंत में, अपने भविष्य के प्रोजेक्ट्स पर बात करते हुए शिल्पा ने कहा कि वे अब अच्छे और दमदार किरदारों की तलाश में हैं और उन्हें यकीन है कि आज के दौर में हर कलाकार के लिए काम की भरपूर गुंजाइश है। जाते-जाते उन्होंने अपने फैंस को संदेश देते हुए कहा कि वे हमेशा खुश रहें और अपने आसपास प्यार व रोशनी फैलाते रहें।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
सलमान खान की 'मातृभूमि' के ट्रेलर ने मचाया तहलका, एक दिन से भी कम समय में पार हुए 50 मिलियन व्यूज