1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. आलेख
Written By समय ताम्रकर

सलमान-अक्षय-अजय : एटम या फुस्सी बम

सलमान खान
पूरे वर्ष में दिवाली का सप्ताह फिल्म प्रदर्शित करने के लिहाज से सबसे बेहतरीन माना जाता है। लोग त्योहार के अवसर पर फिल्म देखने के मूड में रहते हैं, इसलिए बड़ी फिल्मों के निर्माताओं की निगाह इस सप्ताह पर रहती है। कमजोर फिल्में भी कई बार अच्छा व्यवसाय कर लेती हैं। इस दिवाली पर सलमान खान, अजय देवगन और अक्षय कुमार जैसे स्टार्स की ‍‍मूवी दिखाई देंगी। इस वजह से मुकाबला रोचक हो गया है। सल्लू, अज्जू और अक्की में से कौन एटम बम साबित होता है और कौन फुस्सी बम, ये इस दिवाली पर साबित होगा।

ब्लू

PR

इस फिल्म में अक्षय कुमार, संजय दत्त, लारा दत्ता और ज़ायद खान जैसे सितारे हैं। कैटरीना कैफ का लक फैक्टर भी फिल्म के साथ हैं क्योंकि कुछ मिनटों के लिए वे भी परदे पर ‍नजर आने वाली हैं। ए.आर. रहमान का संगीत है। पानी के अंदर फिल्माए गए एक्शन दृश्य इस फिल्म का प्रमुख आकर्षण है। एंथोनी डिसूजा द्वारा निर्देशित इस फिल्म में खजाने की खोज को दिखाया गया है। आकर्षक सितारों के कारण इस फिल्म में आरंभिक भीड़ खींचने की क्षमता है।

ऑल द बेस्ट

PR

पिछले वर्ष रिलीज अजय देवगन अभिनीत ‘गोलमाल रिटर्न’ ने सफलता हासिल की थी। अजय को दिवाली का महत्व समझ में आ गया और इसी वजह से वे अपने बैनर की ‘ऑल द बेस्ट’ को दिवाली पर रिलीज कर रहे हैं। दर्शक त्योहार के अवसर पर कॉमेडी फिल्मों को प्राथमिकता देते हैं और इसका लाभ ‘ऑल द बेस्ट’ को मिल सकता है। कॉमेडी फिल्म बनाने में रोहित को दक्षता हासिल है क्योंकि उनकी दोनों कॉमेडी फिल्मों (गोलमाल और गोलमाल रिटर्न) ने सफलता हासिल की है। दर्शकों को आकर्षित करने के लिए सितारों की भीड़ (अजय देवगन, बिपाशा बसु, संजय दत्त, मुग्धा गोडसे, फरदीन खान) यहाँ भी मौजूद है।

'ऑल द बेस्ट की कहानी के लिए क्लिक करें :

मैं और मिसेस खन्ना

IFM

‘वॉण्टेड’ की सफलता का लाभ सलमान खान की ‘मैं और मिसेस खन्ना’ को मिल सकता है। सलमान और करीना कपूर की जोड़ी इस फिल्म में दिखाई देगी। इस जोड़ी के लिए दिवाली भाग्यशाली साबित नहीं हुई थी, जब वर्ष 2005 में दिवाली पर रिलीज ‘क्योंकि’ असफल हो गई थी। ‘मैं और मिसेस’ खन्ना को प्रेम सोनी ने निर्देशित किया है। सलमान इस फिल्म में न एक्शन करते हुए दिखाई देंगे और न ही कॉमेडी। इमोशन और रोमांस से भरी इस फिल्म को दर्शकों का प्यार मिलेगा या नहीं, यह दिवाली पर पता चलेगा।

'मैं और मिसेस खन्ना' की कहानी के लिए क्लिक करें :
लेखक के बारे में
समय ताम्रकर
समय ताम्रकर फिल्म समीक्षक हैं, जो फिल्म, कलाकार, निर्देशक, बॉक्स ऑफिस और फिल्मों से जुड़े पहलुओं पर गहन विश्लेषणात्मक लेख लिखते हैं।.... और पढ़ें