• Webdunia Deals
  1. सामयिक
  2. »
  3. बीबीसी हिंदी
  4. »
  5. बीबीसी समाचार
Written By BBC Hindi

लादेन के 'कथित नोट्स'

ओसामा बिन लादेन
BBC
ये नोट्स कथित रुप से बिन लादेन के एबटाबाद स्थित घर से बरामद किए गए हैं।

बीबीसी को हाथ से लिखे कुछ नोट्स मिले हैं जो कथित रुप से एबटाबाद के उस घर से बरामद हुए हैं जहां ओसामा बिन लादेन की अमेरिकी हमले में मौत हुई थी।

बीबीसी इन नोट्स की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं कर सकता और बीबीसी भी इस बात पर पक्के तौर पर कुछ नहीं कह सकता कि ये नोट्स किसने लिखे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि ये नोट्स किसी भाषण या बयान का मसौदा है जो संभवत अल कायदा नेता के हैं।

ये नोट्स दो पन्नों में हैं और लाल स्याही से लिखे गए हैं जो कथित रूप से ओसामा बिन लादेन के बेडरूम से मिले हैं। इन नोट्स का कुछ हिस्सा पानी के कारण नष्ट हो गया है और कुछ वाक्य काटे भी हुए हैं।

इन नोट्स में सऊदी अरब में आई बाढ़ का जिक्र है जिसका संबंध जलवायु परिवर्तन से जोड़ा गया है। अल कायदा नेता ओसामा बिन लादेन ने पिछले साल दो भाषण रिलीज किए थे और इन दोनों में जलवायु परिवर्तन का जिक्र किया था।

इन नोट्स में सऊदी अरब के शाही परिवार की भी आलोचना की गई है जो लादेन अकसर करते रहे हैं। नोट्स में नेतृत्व पर सलाह भी दी गई है।

बीबीसी इन नोट्स की पुष्टि नहीं कर सकता लेकिन ओसामा बिन लादेन से मिल चुके अल कायदा मामलों के विशेषज्ञ अब्दल बारी अटवान का कहना है कि ये नोट्स लादेन के ही लिखे हुए हैं।

अटवान कहते हैं, ‘मुझे लगता है कि ये सही है। एक भाषण का मसौदा है। मैं इसकी भाषा से बता सकता हूं, जिस तरह से ये लिखा गया है। ये नहीं कह सकता कि लादेन ने खुद लिखा है या उनके कहने पर किसी ने लिखा है, लेकिन एक बात तो है कि इन नोट्स पर लादेन की छाप स्पष्ट है।’

अमेरिका में अल कायदा मामलों के प्रोफेसर वालिद फरेस कहते हैं कि ये नोट्स अल कायदा नेतृत्व के किसी शीर्ष व्यक्ति के लिखे हैं जो अपने समर्थकों को संबोधित कर रहा हो।

फरेस का कहना है कि वो इन नोट्स से थोड़ा पशोपेश में हैं और उम्मीद करते हैं कि ऐसे और नोट्स होते तो अधिक जानकारी मिलती। एक अन्य विशेषज्ञ के अनुसार संभवत अल कायदा नेता ने अपनी छोटी बेटी से ये नोट्स लिखवाए हैं क्योंकि ये नोट्स किसी किशोरवय के हाथ के लिखे लगते हैं।