• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. विश्व कप क्रिकेट 2015
  3. समाचार
  4. World Cup 2015, Ricky Ponting, Mahendra Singh Dhoni,
Written By
Last Modified: हैमिल्टन , मंगलवार, 10 मार्च 2015 (22:30 IST)

तोड़ा गांगुली का रिकॉर्ड, लेकिन पोटिंग से पीछे हैं धोनी

World Cup 2015
हैमिल्टन। महेंद्रसिंह धोनी की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने मंगलवार को यहां विश्व कप में लगातार नौ जीत दर्ज करने का रिकॉर्ड बनाया।  अब वे इस रिकॉर्ड में केवल रिकी पोंटिंग की ऑस्ट्रेलियाई टीम से पीछे है जिसने क्रिकेट महाकुंभ में लगातार 24 जीत दर्ज की हैं। भारतीय टीम अब विश्व कप में लगातार जीत दर्ज करने के मामले में क्लाइव लायड की वेस्टइंडीज की टीम के साथ दूसरे स्थान पर है। 
 
आयरलैंड की पर यहां आठ विकेट की जीत भारत की विश्व कप में लगातार नौवीं जीत थी। इसकी शुरुआत विश्व कप 2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ चेन्नई में लीग चरण की जीत से हुई। इस जीत से भारत ने पूल बी में अपना सर्वोच्च स्थान सुनिश्चित किया। 
 
धोनी की टीम ने इससे सौरव गांगुली की अगुवाई वाली टीम का रिकॉर्ड भी तोड़ा जिसने विश्व कप 2003 में लगातार आठ जीत दर्ज की थी। धोनी ने 6 मार्च को ही कप्तान के रूप में विदेशों में सर्वाधिक वन-डे जीतने का गांगुली (58 जीत) का रिकॉर्ड तोड़ा था। अब वे विश्व कप में सर्वाधिक मैच जीतने वाले भारतीय कप्तान भी बन गए हैं। 
 
उन्होंने 1983 की विश्व चैंपियन टीम के कप्तान कपिल देव (11) को पीछे छोड़ा। कपिल के बाद मोहम्मद अजहरुद्दीन (10) और गांगुली (9) का नंबर आता है। ‘कैप्टेन कूल’ को जब इन रिकॉर्ड की याद दिलायी गई तो उन्होंने कहा ‍कि जहां तक रिकॉर्ड और उपलब्धियों की बात है तो फिर सबसे अहम देश के लिए मैच जीतना है। यह वास्तव में मायने नहीं रखता कि आपने क्या रिकॉर्ड बनाया है।  (भाषा)