विवेक ओबेराय ने मथुरा में आपा खोया
बोले- तू जानता नहीं, किससे बात कर रहा है...
FILE
यह वाकया उस समय पेश आया जब विवेक ओबेराय रालोद की सभा संबोधित करने मथुरा के एक गांव में पहुचे। वे सभा संबोधित करने के बाद जैसे मंच से नीचे उतरकर हेलिकॉप्टर की ओर जाने लगे तभी एक टीवी न्यूज चैनल के संवाददाता ने उनसे पूछा कि वे जिस प्रत्याशी को जिताने के लिए अपील कर रहे हैं उसका नाम तो तेलगी स्टांप घोटाले जैसे संगीन मामले में भी आ चुका है तथा इसने बहुत कम समय में ही अपार संपत्ति हासिल कर ली है।
इस पर वे बोले कि मै तो केवल जयंत चौधरी को जानता हूं। इनकी पार्टी की सभा को संबोधित करने आया हूं। ये एक अच्छे नेता हैं और अच्छी राजनीति करते हैं। इनकी व्यक्तिगत छवि ही मेरे लिए मायने रखती है। मैं किसी मेघश्याम को नहीं जानता।
इतना कहते-कहते उनका स्वर तल्ख हो गया और वे उस संवाददाता पर बरस पड़े और कहा कि तू जानता नहीं है किससे बात कर रहा है, लेकिन जब शायद उन्हें अपनी कही बात की गंभीरता समझ आई तो इतना कहने के बाद सुलह करने जैसे भाव में गलबहियां करते नजर आए, किंतु अगले ही पल हेलिकॉप्टर की ओर ले जाते समय उसे धक्का दे दिया और फिर वापस रवाना हो गए। (भाषा)

