राहुल ने मुलायम और मायावती को घेरा
FILE
राहुल ने बरेली तथा पीलीभीत में आयोजित विभिन्न चुनावी जनसभाओं में कहा कि सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव खुद को मुसलमानों का नेता बताते हैं। उन्हें बताना चाहिए कि पिछले 22 साल में उन्होंने मुसलमानों को क्या दिया। नेता जनता की लड़ाई लड़ता है...मुलायम ने कौनसी लड़ाई लड़ी।
उन्होंने कहा ‘मुलायम अगर मुसलमानों के नेता हैं तो राज्य में अपने मुख्यमंत्रित्व काल में उनके लिए क्या किया। उन्होंने वादे किये मगर काम नहीं किया। हमारी केन्द्र सरकार ने मुस्लिम आरक्षण दिया तो मुलायम ने कहा कि अगर वह होते तो ज्यादा आरक्षण देते।’
राहुल ने राज्य की मायावती सरकार पर हमला करते हुए कहा ‘भट्टा पारसौल और टप्पल में किसानों ने कुछ गलत नहीं कहा था। उन्होंने तो अपनी जमीन का सही दाम मांगा था, लेकिन मायावती की सरकार ने उन्हें गोली मारी।’
उन्होंने कहा ‘भट्टा पारसौल में कोई ना कोई कमी तो रही है, लोग मरे हैं। महिलाओं पर अत्याचार हुआ है। मायावती कहती हैं कि भट्टा पारसौल में कुछ नहीं हुआ। अगर वह दिल से राजनीति करतीं तो दो मिनट वहां जाकर हालात को अपनी आंखों से देख लेतीं।’ (भाषा)

