बुधवार, 2 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. उत्तर प्रदेश
  4. Ruckus over porn videos of girl students in Kanpur
Written By अवनीश कुमार
Last Updated : शुक्रवार, 30 सितम्बर 2022 (10:52 IST)

UP: चंडीगढ़ के बाद अब कानपुर में भी छात्राओं के अश्लील वीडियो पर बवाल, आरोपी गिरफ्तार

kanpur
कानपुर। चंडीगढ़ में हॉस्टल के अंदर अश्लील वीडियो बने मामला सामने आने के बाद अब दूसरा मामला उत्तरप्रदेश के कानपुर से सामने आ रहा है जिसमें कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गर्ल्स हॉस्टल में छात्राओं ने हॉस्टल के एक कर्मचारी पर बाथरूम में नहाने के दौरान अश्लील वीडियो बनाने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने छात्राओं की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर हॉस्टल कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच-पड़ताल भी शुरू कर दी है।
 
एक पुलिस अधिकारी की है बिल्डिंग: कानपुर के थाना रावतपुर के तुलसी नगर में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मकान को मनोज पांडे ने किराए पर ले रखा है और उसमें साईं निवास के नाम से गर्ल्स हॉस्टल संचालित करता है और हॉस्टल की देखरेख के लिए कर्मचारी भी रखे हुए हैं। गर्ल्स हॉस्टल में करीब 60 से 65 छात्राएं रहती हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग कर रही हैं।
 
छात्राओं ने मचाया हंगामा: छात्राओं ने हॉस्टल के बाहर निकलकर हंगामा शुरू कर दिया तो भीड़ जुट गई। सूचना पर रावतपुर थाना पुलिस भी पहुंच गई। छात्राओं ने पुलिस को बताया कि हॉस्टल के बाथरूम में लगे दरवाजे नीचे से टूटे हैं। हॉस्टल में कर्मचारी ऋषि पिछले 7 वर्षों से काम कर रहा है।
 
दरवाजे के टूटे भाग से बना रहा था वीडियो: आरोप है कि गुरुवार को छात्रा बाथरूम में नहाने के लिए गई तो दरवाजे के नीचे टूटे भाग से मोबाइल को अंदर की ओर करके कर्मचारी अश्लील वीडियो बना रहा था। उसे देखकर छात्रा ने शोर मचा दिया तो अन्य छात्राओं ने उसे रंगेहाथों पकड़ लिया।

उसके मोबाइल में कई छात्राओं के अश्लील वीडियो देखकर आक्रोश फैल गया। छात्राओं ने हॉस्टल के बाहर आकर हंगामा शुरू कर दिया। रावतपुर पुलिस हॉस्टल के कर्मी ऋषि को पकड़कर थाने ले आई और छात्राओं की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
 
क्या बोले थाना प्रभारी?: रावतपुर थाना प्रभारी संजय शुक्ला ने बताया कि छात्राओं से प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित हॉस्टलकर्मी ऋषि को गिरफ्तार कर लिया गया है और बरामद मोबाइल की साइबर एक्सपर्ट से जांच भी कराई जा रही है।
ये भी पढ़ें
पीएम मोदी ने दी तीसरी वंदे भारत ट्रेन की सौगात, जानिए 10 खास बातें