मेरठ के आसमान में गूंजा सूर्यकिरण का शौर्य, तिरंगे ने बांधा समां
नौ हॉक एमके-132 विमानों ने 35 मिनट तक दिखाए हैरतअंगेज करतब, आसमान में बना तिरंगा तो गूंज उठा भारत माता की जय का उद्घोष
Meerut IAF Suryakiran Air Show: मेरठ 1857 की क्रांति की धरती मेरठ ने शनिवार को आसमान में एक नया इतिहास देखा। शहर में पहली बार भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एयरोबैटिक टीम ने एयर शो किया तो नौ हॉक एमके-132 लड़ाकू विमानों की गर्जना से पूरा शहर रोमांचित हो उठा। करीब 35 मिनट तक आसमान में चले इस शानदार प्रदर्शन में विमानों ने लूप, बैरल रोल, उल्टी उड़ान और डीएनए मैन्यूवर जैसे हैरतअंगेज करतब दिखाए। 9 विमानों ने जब एक साथ आसमान में तिरंगा बनाया तो दर्शकों की नजरें थम गईं और पूरा इलाका तालियों तथा भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से गूंज उठा। आज इस अनोखे पल के साक्षी हजारों लोग बने है, यही शो कल फिर होगा जिसमें लाखों लोगों के जुड़ने की संभावना है।
सूर्यकिरण के नौ विमानों ने बेहद सटीक तालमेल के साथ अलग-अलग फॉर्मेशन बनाकर अपनी एरोबैटिक क्षमता का प्रदर्शन किया। सामान्य उड़ान में विमान 500 फीट से नीचे नहीं आते, लेकिन एयर शो के दौरान ये विमान करीब 100 से 150 फीट की ऊंचाई तक दर्शकों के सामने से गुजरे। 600 से 800 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बेहद कम ऊंचाई पर उड़ते विमानों का नजारा देखकर दर्शकों के रोंगटे खड़े हो गए।
आसमान में दिखा सटीक तालमेल
स्क्वाड्रन लीडर संजेव ने बताया कि सूर्यकिरण टीम के प्रदर्शन में सबसे महत्वपूर्ण विमानों की गति, ऊंचाई और समय का सटीक तालमेल होता है। नौ विमान एक साथ अलग-अलग फॉर्मेशन में उड़ान भरते हैं और पायलटों के बीच सेकेंडों का तालमेल भी प्रदर्शन की सफलता में अहम भूमिका निभाता है।
लाल और सफेद रंग से सजे विमानों ने आसमान में कभी गोलाकार फॉर्मेशन बनाया तो कभी तेज गति से एक-दूसरे के बेहद करीब से गुजरते हुए रोमांच पैदा किया। डीएनए मैन्यूवर और बैरल रोल के दौरान दर्शकों की निगाहें विमानों से हट ही नहीं सकीं।
मेरठ से जुड़े पायलटों ने बढ़ाया गौरव
इस एयर शो की खास बात यह भी रही कि सूर्यकिरण टीम में मेरठ से जुड़े पायलट भी शामिल रहे। अमन गोयल, गौरव सिंह और शरद समेत टीम के स्क्वाड्रन लीडरों ने अपने शहर के आसमान में उड़ान भरकर लोगों का उत्साह बढ़ाया। उनके बचपन के दोस्त और सहपाठी भी उन्हें आसमान में करतब दिखाते देखने पहुंचे। दोस्तों ने कहा कि जब विमान सिर के ऊपर से गुजरे तो गर्व और रोमांच से रोंगटे खड़े हो गए।
टीवी पर देखते थे, आज आंखों के सामने देखा
एयर शो देखने पहुंचे लोगों के लिए यह अनुभव यादगार रहा। दर्शकों ने कहा कि अब तक सूर्यकिरण के करतब टीवी की स्क्रीन पर ही देखे थे, लेकिन इतनी कम ऊंचाई पर विमानों को आंखों के सामने उड़ते देखना अविस्मरणीय अनुभव रहा। स्कूली छात्र-छात्राओं में खास उत्साह दिखाई दिया। आसमान में तिरंगा बनते ही बच्चों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाए।
महिलाओं और युवाओं ने भी वायुसेना के प्रदर्शन की सराहना की। कई महिलाओं ने कहा कि वे स्वयं वायुसेना में शामिल नहीं हो सकीं, लेकिन अब अपने बच्चों को देश की सेवा के लिए वायुसेना में जाने के लिए प्रेरित करेंगी।
1996 में हुई थी सूर्यकिरण टीम की स्थापना
सूर्यकिरण एयरोबैटिक टीम की स्थापना वर्ष 1996 में हुई थी। यह भारतीय वायुसेना की ब्रांड एंबेसडर टीम है और इसका होम बेस कर्नाटक के बीदर में है। देश के अलग-अलग शहरों में एयर शो से पहले टीम नजदीकी एयरबेस पर पहुंचकर अभ्यास करती है। वर्तमान में टीम हिंडन एयरबेस पर है, जहां से मेरठ पहुंच कर दो दिन अभ्यास किया गया।
स्क्वाड्रन लीडर विक्रम के मुताबिक, ‘सूर्य किरण’ का अर्थ उगते सूर्य की किरण, जिसमें लाल और सफेद रंग मिलकर लालिमा से जुड़ जाते है। इसी वजह से टीम की थीम लाल और सफेद रखी गई है और पायलटों की यूनिफॉर्म भी लाल रंग की होती है। विमान में भी लाल और सफेद रंग है। उनका कहना है कि ऐसे एयर शो युवाओं में जोश और देशसेवा की भावना जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
चार दिन में तैयार हुआ आयोजन
मेरठ के जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने कहा कि राज्य सभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी के अथक प्रयास से मेरठ में यह शो हुआ है। एयर शो पायलटों की कठिन करतब वर्षों की मेहनत और तपस्या का परिणाम हैं। युवाओं को भी लक्ष्य हासिल करने के लिए इसी तरह कठिन परिश्रम करना चाहिए। उन्होंने बताया कि महज चार दिन में इस आयोजन की तैयारियां पूरी की गईं और बड़ी संख्या में लोग शो देखने पहुंचे। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने कहा कि उन्होंने पहली बार इतने करीब से विमानों को सिर के ऊपर से गुजरते देखा। उनके मुताबिक यह अनुभव रोमांचित करने वाला रहा।
20 किलोमीटर के दायरे में ड्रोन पर रोक
एयर शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रही। प्रशासन ने शो के आसपास करीब 20 किलोमीटर के दायरे में ड्रोन उड़ाने पर रोक लगाई। करीब तीन किलोमीटर के रेडियस में लोग अपनी छतों, खेतों और सड़कों से भी एयर शो का नजारा देख सके। पुलिस और प्रशासन की बड़ी संख्या में टीमें सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहीं।
मेरठ के आसमान में सूर्यकिरण की इस पहली उड़ान ने शहरवासियों के लिए ऐसा दृश्य छोड़ दिया, जिसे लंबे समय तक याद किया जाएगा, गर्जना करते नौ विमान, आसमान में बनता तिरंगा और नीचे गूंजता देशभक्ति का स्वर एक बार फिर से मेरठ वासियों के लिए इतिहास का साक्षी बन गया है।

