1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. उत्तर प्रदेश
  4. Gonda accident SUV falls in saryu cannel

यूपी के गोंडा में दर्दनाक हादसा, सरयू नहर में गिरी SUV, 11 श्रद्धालुओं की मौत

gonda accident
Uttar Pradesh Accident : उत्तर प्रदेश में गोंडा जिले के इटियाथोक क्षेत्र में रविवार को एक एसयूवी के सरयू नहर में गिरने से 11 लोगों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में 4 अन्य घायल भी हुए हैं।
 
इटियाथोक थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि एसयूवी सवार श्रद्धालु मोतीगंज थाना क्षेत्र के सिहागांव गांव से खरगूपुर स्थित प्रसिद्ध पृथ्वीनाथ मंदिर में पवित्र जल चढ़ाने जा रहे थे, तभी बेलवा बहुता के पास यह दुर्घटना हुई।
 
राय ने बताया कि एसयूवी में चालक सहित 15 लोग सवार थे। वाहन का नियंत्रण खो जाने के कारण यह सड़क से उतरकर नहर में पलट गई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
 
ग्रामीणों और बचाव दल की मदद से डूबे हुए वाहन से महिलाओं, पुरुषों और बच्चों सहित 11 शव निकाले गए। पुलिस ने बताया कि चार अन्य यात्रियों को बचाया गया जिनकी हालत गंभीर हैं, उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है और अधिकारियों को घायलों को सर्वोत्तम उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
edited by : Nrapendra Gupta 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
नितिन गडकरी के घर को उड़ाने की धमकी, कुछ ही घंटों में आरोपी गिरफ्‍तार