सीएम योगी का अखिलेश पर बड़ा हमला! रामभक्तों पर गोली चलाने वाले अयोध्या आएं, लेकिन माफी मांगकर
भव्य 10वें दीपोत्सव के अवसर पर धर्मनगरी अयोध्या पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष खासकर समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। यादव के संभावित अयोध्या दौरे और रामलला दर्शन के बयानों पर तंज कसते हुए सीएम योगी ने कहा कि जिन लोगों की सरकार में रामभक्तों पर गोलियां चलाई गईं और अयोध्या को उपेक्षित किया गया, वे यदि अयोध्या आ रहे हैं तो उन्हें पहले रामभक्तों और संतों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। दूसरी ओर, योगी के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने भी अखिलेश पर निशाना साधा है।
प्रभु सबको क्षमा करते हैं
सपा नेतृत्व पर बिना नाम लिए सीधा हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिन्होंने अयोध्या को अपमानित करने का काम किया और रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, वे अब राम मंदिर जाने की बात कर रहे हैं। ऐसे लोग अगर अयोध्या आ रहे हैं तो वे पहले रामभक्तों और संतों से अपने कृत्यों के लिए माफी मांगें और पश्चाताप करें।
उन्होंने आगे जोड़ा कि प्रभु श्रीराम दयालु हैं और सबको माफ कर देते हैं, लेकिन अहंकारी सत्ता को समाप्त करने में ईश्वर एक क्षण भी नहीं लगाते। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग कथा और मुशायरे का अंतर नहीं समझते, वे हमारे सनातन संस्कृति की मर्यादा और पवित्र परंपराओं का आदर करना क्या जानेंगे।
अयोध्या में अब कभी नहीं लगेगा कर्फ्यू
सपा शासनकाल के दौरान अयोध्या की स्थिति को याद करते हुए सीएम योगी ने कहा कि एक समय था जब अयोध्या को दिन में महज तीन घंटे बिजली मिलती थी और श्रद्धालुओं के आने-जाने पर पाबंदी लगाई जाती थी। उन्होंने आश्वस्त किया कि अयोध्या में अब कभी कर्फ्यू नहीं लगेगा। अब अयोध्या को कोई उपेक्षित नहीं कर पाएगा, न ही संतों का अपमान होगा और न ही रामभक्तों पर गोलियां चलेंगी। आज अयोध्या देश की अग्रणी 'स्मार्ट सिटी' और 'सोलर सिटी' बन चुकी है। श्रीराम जन्मभूमि पथ, धर्म पथ, भक्ति पथ और रामपथ आज पूरी दुनिया को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं।
अयोध्या हमारी वैचारिक विजय का प्रतीक
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आजादी के बाद दशकों तक अयोध्यावासियों और इस पवित्र नगरी को जानबूझकर उपेक्षित रखा गया। आज जब अयोध्या का भव्य और विश्वस्तरीय विकास हो रहा है, तो विरोधी इसे बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या हमारी वैचारिक विजय है। भगवान राम ने सबको अपनाया था, लेकिन यदि कोई 'मारीच' बनकर आएगा, तो वह राम के बाणों से बच नहीं पाएगा।
राम मंदिर परिसर की व्यापकता और सभी वर्गों के समावेशन का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि राम मंदिर परिसर में उत्तर से लेकर दक्षिण तक पूरा भारत विराजमान है। अयोध्या में आने वाले हर श्रद्धालु पर महर्षि वाल्मीकि, महर्षि विश्वामित्र, माता शबरी और गिद्धराज जटायु की कृपा बनी हुई है। महर्षि वाल्मीकि के योगदान को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि जिन्होंने रामकथा को विश्व पटल पर पहुंचाया, उन्हीं के नाम पर अयोध्या के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नामकरण किया गया है।
देर से सही, सद्बुद्धि तो आई : राजभर
दूसरी ओर, योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने भी अखिलेश यादव और उनकी सांसद पत्नी डिंपल यादव के संभावित अयोध्या दौरे को लेकर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव करीब आते ही उन्हें अयोध्या की याद आने लगी है। राजभर ने यादव की राम मंदिर दर्शन की संभावित योजना पर कटाक्ष करते हुए कहा कि देर से ही सही, लेकिन सद्बुद्धि तो आई।
राजभर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा- अखिलेश जी, सुना है आप अयोध्या जा रहे हैं? क्या अब महसूस हो रहा है कि चुनाव बेहद करीब आ गया है? राजभर ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए उन्हें मथुरा और काशी जाने की तारीखों की भी घोषणा करने की सलाह दी। इससे पहले ओम प्रकाश राजभर कई बार अखिलेश यादव से राम मंदिर ना जाने को लेकर सवाल कर चुके हैं।

