1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. उत्तर प्रदेश
  4. Bahraich flood woman give birth in boat

ANM ने दिखाया साहस, बाढ़ग्रस्त इलाके में नाव में महिला ने बच्ची को दिया जन्म

Bahraich
बहराइच। बहराइच जिले में भारी बारिश व बाढ़ जैसे हालात के कारण पानी भर जाने व सभी मार्ग बंद होने पर नाव से अस्पताल ले जाई जा रही गर्भवती महिला ने राह में ही बच्ची को जन्म दे दिया। एएनएम सत्यवती ने विपरीत हालात में साहस दिखाकर सफल डिलिवरी कराई। जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित व स्वस्थ हैं।
 
कलेक्टर दिनेश चन्द्र सिंह ने शुक्रवार को बताया कि नेपाल व बहराइच में हुई अधिक वर्षा के कारण जिले में नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। इस कारण जिले में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए।

निरीक्षण के लिए गुरुवार को वह मुख्यालय से करीब 100 किलोमीटर दूर स्थित नेपाल सीमावर्ती सुजौली प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे थे। उसी समय वहां महिला स्वास्थ्य कर्मी सत्यवती एक महिला व उसकी नवजात बच्ची को लेकर पहुंची।
 
बाढ़ के चलते सुजौली थाना क्षेत्र के नौकापुरवा गांव में पानी भर जाने व सभी मार्ग बंद हो जाने के कारण गर्भवती महिला को प्रसव हेतु नाव से सुजौली प्राथमिक स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र लाया जा रहा था। नाव पर एएनएम सत्यवती भी सवार थीं। इसी दौरान गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।
 
एएनएम सत्यवती ने विपरीत हालात में, एक बैनर से नाव पर पर्दे की व्यवस्था कर सुरक्षा घेरा बनाया। सत्यवती ने महिला की जान तो बचा ही ली, साथ ही नाव पर सुरक्षित प्रसव भी करा दिया। प्रसव के बाद इलाज व देखरेख हेतु महिला व नवजात को लेकर एएनएम अस्पताल पहुंच गईं।
 
जिलाधिकारी दिनेश चन्द्र सिंह ने प्रसव कराने वाली स्वास्थ्य कर्मी सत्यवती को प्रशस्ति-पत्र व नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया है।
अगला लेख
हरियाणा में भीषण सड़क हादसा, ट्रक और कार की टक्कर में 8 लोगों की मौत