1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. उत्तर प्रदेश
  4. 16 death in road accident in shajahanpur

उप्र के शाहजहांपुर में भीषण सड़क दुर्घटना में 16 लोगों की मौत, कई घायल

Shahjahanpur
लखनऊ। उत्तरप्रदेश के शाहजहांपुर में एक भीषण सड़क दुर्घटना में 16 लोगों की मौत हो गई है। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों की संख्या और भी बढ़ सकती है। खबरों के अनुसार एक ट्रक टेंपो और सवारी भरे पिकअप को रौंदता हुआ पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए।  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तुरंत राहत के निर्देश दिए हैं।
खबरों के अनुसार सुबह हाइवे से एक टेंपो गुजर रहा था, तभी तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने टेंपो को रौंद दिया। टेंपो के आगे सवारी भरकर जा रहे पिकअप वाहन को भी ट्रक ने टक्कर मारी और फिर तेज रफ्तार से पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही 16 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में महिलाएं और मासूम बच्चे भी शामिल हैं।
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया। टेंपो के परखच्चे उड़ जाने से कई लाशें उसमें दब गईं। पुलिस को मृतकों और घायलों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे के बाद हाइवे पर लंबा जाम लग गया। 
गाड़ियों को किनारे से पास दिया गया, लेकिन लोगों के घटनास्थल पर इकट्ठे होने से गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई। पुलिस के मुताबिक ट्रक का स्टेयरिंग फेल होने से वह अनियंत्रित हो गया और टेंपो में टक्कर मारने के बाद पिकअप पर पलट गया। मुख्यमंत्री ने डीएम को मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत राशि और घायलों के इलाज के निर्देश दिए हैं। (Photo courtesy : Twitter)
अगला लेख
क्या जयपुर में बच्चा चोर गैंग की कार की डिक्की में मिले बच्चे...जानिए तस्वीरों का पूरा सच...