1. चुनाव 2022
  2. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022
  3. न्यूज: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022
  4. Akhilesh Yadav attacks Modi government

अखिलेश का मोदी सरकार पर हमला, कहीं आउटसोर्सिंग से न चलने लगे सरकार

Akhilesh Yadav
सहारनपुर। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार की विनिवेश नीति पर करारा प्रहार करते हुए रविवार को कहा कि कहीं ऐसा न हो जाए कि ईस्ट इंडिया कंपनी की तरह देश पर उद्योगपतियों का राज हो जाए और सरकार आउटसोर्सिंग से चलने लगे।
 
अखिलेश ने यहां एक रैली में कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार सब कुछ बेचती चली जा रही है। याद होगा कि अंग्रेज कारोबार करने आए थे। ईस्ट इंडिया कंपनी दो-तीन चीजों का कारोबार करती थी। धीरे-धीरे करके उसने कारोबार बढ़ा लिया और अंग्रेजों ने एक कानून पास किया जिससे ईस्ट इंडिया कंपनी खुद सरकार बन गई।
 
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा एक-एक करके सब कुछ निजी हाथों में बेच रही है। हो सकता है कि एक दिन सरकार ही कंपनी के हाथों बिक जाएगी और सरकार आउटसोर्सिंग से चलने लगेगी। जब सब चीजें बिक जाएंगी तो बाबा साहब भीमराव आंबेडकर ने संविधान में हमें जो अधिकार दिए हैं, वे सब छिन जाएंगे।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का आगामी विधानसभा चुनाव देश की तकदीर का चुनाव है, यह नौजवानों और किसानों के भविष्य को तय करने का चुनाव है।
 
अखिलेश ने उपस्थित लोगों से अपील की कि अगर देश को बचाना है तो भाजपा को हराना होगा। हमने भाजपा को रोकने के लिए पिछले लोकसभा चुनाव में बसपा के साथ गठबंधन किया। जो भी समझौते कर सकते थे, वो किए लेकिन उत्तर प्रदेश से भाजपा ज्यादा सीटें जीत गई। अगर 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को हरा दिया जाता तो ये तीन काले (केंद्रीय कृषि) कानून नहीं आते।
अगला लेख
UP में प्रियंका गांधी का चुनावी आगाज, कांग्रेस को मजबूत करने की कोशिश