सोमवार, 7 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. चुनाव 2022
  2. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022
  3. न्यूज: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022
  4. Congress appointed Bhupesh Baghel as senior election observer in Uttar Pradesh
Written By
Last Updated : शनिवार, 2 अक्टूबर 2021 (19:23 IST)

UP Elections : कांग्रेस ने भूपेश बघेल को बनाया वरिष्ठ चुनाव पर्यवेक्षक

Uttar Pradesh Assembly Elections
नई दिल्ली। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव में चल रही तनातनी के बीच बघेल को उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बघेल को तत्काल पदभार ग्रहण करने के लिए कहा है। उत्तर प्रदेश में अगले साल चुनाव हैं और बघेल को पार्टी की प्रदेश प्रभार प्रियंका गांधी वाड्रा का करीबी माना जाता है।

छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री पद को लेकर सिंहदेव तथा बघेल के बीच जारी संघर्ष आलाकमान तक पहुंच चुका है, लेकिन कांग्रेस नेतृत्व समाधान नहीं निकाल पा रहा है। सिंहदेव का कहना है कि सरकार बनते समय तय हुआ था कि ढाई साल बाद उन्हें मुख्यमंत्री का दायित्व सौंपा जाएगा, लेकिन बघेल पद छोड़ने को तैयार नहीं हैं।

इधर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समर्थन में उनके समर्थक विधायक दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं और लगातार कांग्रेस नेतृत्व पर दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं। बघेल समर्थक 25 विधायक पहले से ही दिल्ली में मौजूद थे लेकिन कल छह विधायक तथा आज चार और विधायक दिल्ली पहुंचे हैं। ये विधायक राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि राजघाट बापू की जयंती पर श्रद्धांजलि देने भी गए।

भूपेश समर्थक विधायकों की दिल्ली में मौजूदगी को मुख्यमंत्री का शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है। बघेल समर्थक विधायक नेतृत्व को संदेश दे रहे हैं कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का कोई विकल्प नहीं है।(वार्ता)
ये भी पढ़ें
चुनाव : क्या है यूपी का मूड, BJP की रणनीति में 200 ओबीसी रैलियां व दलित सम्मेलन, अल्पसंख्यकों को साधेगा विशेष दल