1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. समाचार

भारत के खिलाफ विवादास्पद रहे हैं बकनर

बकनर

बकनर विवादास्पद
आईसीसी एलीट पैनल के सबसे प्रतिष्ठित अंपायर स्टीव बकनर पहले भी भारत के खिलाफ उल्टे फैसले देने के लिए कुख्यात रहे हैं। वर्ष 2003-04 में ऑस्ट्रेलिया के पिछले दौरे में बकनर ने सचिन तेंडुलकर को उस समय पगबाधा आउट दिया था,जब गेंद उनके घुटने के ऊपर लगी थी और ऑफ स्टंप से बाहर थी।

भारत उस समय अच्छी शुरुआत के बाद लुढ़क गया हालाँकि यह मैच ड्रॉ रहा। इसी दौरे में सिडनी में भारत श्रृंखला जीतने का इतिहास बनाने से करीब था, लेकिन बकनर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पगबाधा की कई अपीलें ठुकरा दीं। भारत के पास समय कम रह गया और मैच ड्रॉ हो गया।

तत्कालीन कप्तान गांगुली ने श्रृंखला के बाद आईसीसी को अपनी रिपोर्ट में बकनर के बारे में बहुत खराब रेटिंग दी थी और उनके अंपायरिंग स्तर पर सवाल उठाए थे। इनके अलावा कई और मौके रहे हैं, जब बकनर के फैसलों ने भारत को गहरा नुकसान पहुँचाया है। लेकिन विडंबना यही है कि उन्हें भारत के किसी न किसी मैच में अंपायर नियुक्त कर दिया जाता है और उसी मैच में उनका एकाध फैसला ऐसा होता है, जिस पर अच्छा-खासा विवाद खड़ा हो जाता है।

कुछ समय पहले यह कहा भी गया था कि बकनर की दृष्टि कुछ कमजोर हो रही है और आईसीसी से यह माँग उठाई गई थी कि बकनर को रिटायरमेंट ले लेना चाहिए। लेकिन बकनर हैं कि वर्तमान में भी जमे हुए हैं।

आमतौर पर अंपायर के फैसलों पर नाराजगी व्यक्त करने के लिए गेंदबाज या क्षेत्ररक्षक पर जुर्माना लगा दिया जाता है लेकिन उस समय क्या हो जब अंपायर के एक गलत फैसले से पूरे मैच का रुख ही बदल जाए। हो सकता है कि यह फैसला इस मैच का सबसे निर्णायक मोड़ साबित हो और भारतीयों को बकनर के इस गलती पर अंत में पछताना पड़े।
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें