1. खेल-संसार
  2. »
  3. अन्य खेल
  4. »
  5. समाचार

डोपिंग के खिलाफ संधि को मंजूरी

डोपिंग प्रियरंजन दासमुंशी भारतीय फुटबॉल
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय खिलाड़ियों के डोपिंग में पकड़े जाने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सरकार ने डोपिंग के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय संधि को स्वीकार करने के प्रस्ताव को गुरुवार को मंजूरी दे दी।

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में हुई केन्द्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इस संधि को मंजूरी देने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई। खेलों में डोपिंग की समस्या के मद्देनजर और राजधानी में 2010 में होने जा रहे राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी को देखते हुए सरकार ने यह जरूरी कदम उठाया है।

डोपिंग के खिलाफ यह अंतरराष्ट्रीय संधि पेरिस में 19 अक्टूबर 2005 को हुए यूनेस्को की आम सभा के 33वें सत्र में पारित हुई थी।

मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सूचना प्रसारण मंत्री प्रियरंजन दासमुंशी ने बताया कि खेलों में डोपिंग की समस्या को देखते हुए यह फैसला किया गया। डोपिंग के खराब प्रभावों को लेकर पूरे विश्व में चिन्ता है और 2004 में कोपेनहेगेन घोषणापत्र को स्वीकार कर भारत ने डोपिंग के खिलाफ अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की थी।

भारतीय फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष मुंशी ने बताया कि इस संधि को महीने भर में लागू किया जाएगा। अगले छह महीने में इस पर आगे की कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी।
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें