1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Wrestler Sushil Kumar, Website, Olympic medalist

वेबसाइट की गलती से हटा था पहलवान सुशील का नाम

Wrestler Sushil Kumar
नई दिल्ली। 2 बार के ओलंपिक पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार का गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों के लिए 74 किग्रा फ्री स्टाइल कुश्ती मुकाबलों से नाम वेबसाइट की गलती के कारण हट गया था। दरअसल, मीडिया में यह खबर आने से खलबली मच गई थी कि सुशील का नाम 74 किग्रा पहलवानों की सूची में नहीं है।


भारतीय कुश्ती महासंघ ने इस मामले पर शुक्रवार को बताया कि राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति ने पुष्टि की है कि वेबसाइट की गलती से सुशील का नाम 74 किग्रा फ्री स्टाइल वर्ग से हट गया है, लेकिन अब वेबसाइट को अपडेट कर दिया गया है और सुशील का नाम सूची में साफ दिखाई दे रहा है। दरअसल, मीडिया में यह खबर आने से खलबली मच गई थी कि सुशील का नाम 74 किग्रा पहलवानों की सूची में नहीं है।

तीसरी बार राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक के दावेदार सुशील इस साल प्रो कुश्ती लीग और फिर एशियाई चैंपियनशिप से अपने घुटने की चोट के कारण हट गए थे। सुशील ने इससे पहले राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीते थे। ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले सुशील ने 3 साल के लंबे अंतराल के बाद गत वर्ष राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप में वापसी की।

सुशील ने एशियाई चैंपियनशिप और राष्ट्रमंडल खेलों के लिए ट्रॉयल जीता था लेकिन घुटने की चोट के कारण वे एशियाई चैंपियनशिप से हट गए थे। राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्णिम हैट्रिक पूरी करने के उद्देश्य से सुशील ने जॉर्जिया में कड़ी ट्रेनिंग की और शुक्रवार को वे जॉर्जिया से स्वदेश लौट आए। सुशील के गुरु महाबली सतपाल ने बताया कि सुशील ने जॉर्जिया में इन खेलों के लिए अच्छी तैयारी की है और वे गोल्ड कोस्ट में एक बार फिर स्वर्ण जीतने के लिए तैयार हैं। (वार्ता)
अगला लेख
ज्वेरेव और एंडरसन 'मियामी ओपन' के सेमीफाइनल में