विश्व एथलेटिक्स : फ्रांसिस ने 400 मीटर में अमेरिका को दिलाया सोना
Publish Date: Thu, 10 Aug 2017 (19:00 IST)
Updated Date: Thu, 10 Aug 2017 (19:03 IST)
लंदन। अमेरिका की फीलिस फ्रांसिस ने ओलंपिक चैंपियन बहरीन की शॉनी मिलर यूइबो को पछाड़ते हुए विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में महिलाओं की 400 मीटर दौड़ का स्वर्ण पदक जीत लिया है। फ्रांसिस 80 मीटर तक दौड़ में कहीं से भी पदक की होड़ में शामिल नहीं थी लेकिन इसके बाद उन्होंने गजब की वापसी करते हुए 49.92 सेकंड का अपना सर्वश्रेष्ठ समय निकालते हुए खिताब जीता।
बहरीन की 19 वर्षीय सलवा ईद नासिर ने इस सप्ताह अपना तीसरा राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाते हुए 50.06 सेकंड का समय लेकर रजत पदक अपने नाम किया। इसके अलावा गत चैंपियन अमेरिका की एलिसन फेलिक्स बहरीन की नासिर से मात्र दो सेकंड पीछे रहते हुए 50.08 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक हासिल किया। वहीं रियो ओलंपिक चैंपियन शॉनी मिलर यूइबो 50.49 सेकंड के समय के साथ चौथे नंबर पर रही।
फ्रांसिस ने इस स्वर्णिम कामयाबी के बाद कहा, मैं बहुत उत्साहित हूं। यह एक शानदार अनुभव जैसा है। विश्व चैंपियन बनना गर्व की बात है। इस जीत का अभी तक मुझे अहसास नहीं है लेकिन यह कल होगा जब मैं सोकर उठूंगी। एलिसन और शॉनी मिलर ने शानदार तरीके से दौड़ का समापन किया। लेकिन मुझे खुद पर विश्वास था और संयम भी। मुझे पता था कि मैं क्या कर सकती हूं।
गत चैंपियन फेलिक्स ने कांस्य पदक जीतने के साथ ही अपने विश्व खिताबों की संख्या 14 तक पहुंचा दी और इसके साथ ही उन्होंने जमैका के उसेन बोल्ट और मार्लेन ओट्टी की बराबरी कर ली है। (वार्ता)