1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Wimbledon will distribute prize money despite championship cancellation

चैंपियनशिप रद्द होने के बावजूद पुरस्कार राशि बांटेगा विंबलडन

Wimbledon Prize Money
विंबलडन। कोरोनावायरस (Coronavirus) महामारी के कारण रद्द होने के बावजूद विंबलडन 620 खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि के रूप में 1.25 करोड़ डॉलर बांटेगा। ऑल इंग्लैंड क्लब ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की।

बीमा प्रदाता कंपनी के साथ सलाह-मशविरे के बाद क्लब के अधिकारियों ने कहा कि मुख्य ड्रॉ में भाग लेने वाले 256 में से प्रत्‍येक खिलाड़ी को 31,000 डॉलर की राशि दी जाएगी। वहीं जो 224 खिलाड़ी क्वालीफाइंग में भाग लेते, उन्हें प्रत्‍येक को 15,600 डॉलर की राशि मिलेगी।

ऑल इंग्लैंड क्लब के मुख्य कार्यकारी रिचर्ड लुईस ने कहा, चैंपियनशिप के रद्द होने के तुरंत बाद हमने अपना ध्यान इस बात पर लगा दिया कि हम उन लोगों की कैसे मदद कर सकते हैं जो विंबलडन को आयोजित करने में सहायता करते हैं।

इसके साथ ही 120 खिलाड़ी युगल स्पर्धाओं में हिस्सा लेते। प्रत्‍येक को 7,800 डॉलर, व्हीलचेयर स्पर्धा में भाग लेने वाले 16 खिलाड़ियों को 7,500 डॉलर और ‘क्वैड’ (चार खिलाड़ियों की) व्हीलचेयर स्पर्धा में भाग लेने वाले चार खिलाड़ियों को 6,200 डॉलर दिए जाएंगे। (भाषा)
अगला लेख
EngvsWI : वेस्टइंडीज की पारी 318 रन पर सिमटी, इंग्लैंड 99 रन पीछे