टोक्यो ओलंपिक को बनाना होगा राष्ट्रीय मिशन : कोविंद
Publish Date: Mon, 14 Aug 2017 (21:45 IST)
Updated Date: Mon, 14 Aug 2017 (21:47 IST)
नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 2020 में होने वाले टोक्यो ओलंपिक में भारत के बेहतर प्रदर्शन के उद्देश्य को 'राष्ट्रीय मिशन' बनाने का आव्हान किया है।
राष्ट्रपति कोविंद ने 71वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सोमवार को राष्ट्र के नाम अपने पहले संबोधन में कहा, विश्व समुदाय की दृष्टि से भारत के सम्मान को और बढ़ाने का एक अवसर है 2020 में होने वाले टोक्यो ओलंपिक, जिसमें भारत के प्रदर्शन को प्रभावशाली बनाना होगा।
कोविंद ने कहा, अब से लगभग तीन वर्षों में हासिल किए जाने वाले इस उद्देश्य को एक राष्ट्रीय मिशन के रूप में लेना होगा। सरकारें, खेलकूद से जुड़े संस्थान और व्यावसायिक प्रतिष्ठान एकजुट होकर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे लाने के लिए काम करें।
राष्ट्रपति ने कहा, खिलाड़ियों को विश्व स्तर की सुविधाएं और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए सभी गंभीरता के साथ लग जाएं ताकि खिलाड़ी देश के लिए अधिक से अधिक सफलता हासिल कर सकें। (वार्ता)