सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं
सुशील कुमार ने खेल प्रतिभाओं को इस्पोरा अवार्ड से नवाजा
इन्दौर। अगर सफल होना है तो इसके लिए कड़ी मेहनत की आवश्यकता है, शॉर्टकट से आप सफल नहीं हो सकते और आपको मेहनत करके ही आगे बढ़ना होगा। यह उद्गार इन्दौर टेनिस क्लब में लगातार दो बार ओलंपिक में पदक जीतने वाले भारत के सितारा पहलवान सुशील कुमार ने इन्दौर स्पोर्ट्स राइटर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित द्वितीय इस्पोरा अवार्ड में बतौर मुख्य अतिथि व्यक्त किए।
सुशील ने जिन खिलाड़ियों को अवार्ड से नवाजा उन्हें बधाई दी और कहा कि जो खिलाड़ी अवार्ड के लिए चयनित नहीं हुए है, वह अधिक मेहनत करे और इस अवार्ड को हासिल करे। मेरी यही तमन्ना है कि मुझसे भी आगे जाए और देश का नाम रोशन करे। इन्दौर शहर में मुझे अपनापन लगता है और ऐसा लगता है कि मैं इसी शहर का निवासी हूँ। वर्तमान में रियो ओलंपिक मेरा लक्ष्य है। अब तक मैंने कांस्य व रजत पदक अपने नाम किए हैं और अब स्वर्ण पदक हासिल करना है। आप सबकी दुआओं की मुझे आवश्यकता है और मैं कड़ी मेहनत कर रहा हूँ।
इस गरिमामय समारोह में सुशील कुमार ने महक जैन (टेनिस), आशिया पटेल (स्क्वॉश), सुदीप्ति हजेला (घुड़सवारी), मेघना उपाध्याय (शतरंज) तथा परम बिरथरे (तैराकी) को इस्पोरा अवार्ड से नवाजा। अवार्ड प्राप्त करने वाले सभी खिलाडि़यों को 5-5 हजार की नकद राशि, आकर्षक ट्रॉफी, खेल सामग्री, प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही प्रत्येक खिलाड़ी का नेशनल इंश्युरेन्स कम्पनी की ओर से 1-1 लाख रूपये का बीमा किया गया। डेकाथलॉन की ओर से 5-5 हजार रुपए के वाउचर खेल सामग्री के लिए प्रदान किए गए।
इस दौरान सुशील का इस्पोरा के सभी सदस्यों व खेल पत्रकारों की ओर से विशेष अभिनंदन भी किया गया। इस अवसर पर म.प्र. टेनिस संघ के सचिव अनिल धूपर व पूर्व ओलंपियन पप्पू यादव भी विशेष रूप से मौजूद थे। स्वागत भाषण इस्पोरा अध्यक्ष ओम सोनी ने दिया।
स्वागत सुभाष सातालकर, सुनील जोशी, मोहन वतलानी, गौरव त्रिपाठी, विजयशंकर पांडे, अशोक कुमार पांडे, भूपेन्द्र बंडी, संतोष नायर, अंजन हलधर ने किया। संचालन कपिश दुबे व साक्षी शर्मा ने किया तथा आभार इस्पोरा सचिव विकास पांडे ने माना।