Mon, 20 Jul 2026

Notifications

  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Sushil Kumar

पहलवान सुशील कुमार हुए 34 बरस के, खेलमंत्री ने दी मुबारकबाद

Sushil Kumar
नई दिल्ली। भारत के एकमात्र दोहरे व्यक्तिगत ओलंपिक पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार शुक्रवार को 34 साल के हो गए। सुशील का जन्म 26 मई 1983 को यहां नजफगढ़ के पास बारपोला गांव में हुआ। उन्होंने 14 साल की उम्र से ही पहलवानी शुरू कर दी थी।
 
पद्मभूषण, द्रोणाचार्य और अर्जुन पुरस्कार विजेता महाबली सतपाल से पहलवानी के गुर सीखने वाले सुशील ने 2008 बीजिंग ओलंपिक में कांस्य और 2012 लंदन ओलंपिक में भारत के लिए रजत पदक जीता। इसके अलावा वे 2010 और 2014 राष्ट्रमंडल खेलों में भी स्वर्ण पदक अपने नाम कर चुके हैं। सुशील 2010 विश्व चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहे।
 
खेलमंत्री विजय गोयल ने सोशल मीडिया पर सुशील को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा कि सुशील कुमार को जन्मदिवस की बधाई। ईश्वर से आपके अच्छे स्वास्थ्य एवं दीर्घायु होने की मंगलकामना करता हूं। सदा युवाओं को प्रेरित करते रहें।
 
सतपाल ने लिखा कि मेरे सबसे प्रिय शार्गिद एवं दामाद को जन्मदिन की शुभकामनाएं। भगवान आपको बहुत सफलता दे और आगे आने वाला आपका जीवन भी बेहतरीन हो और हमारे देश को आप ख्याति दिलाएं, जैसा कि आप हमेशा करते आए हैं। मेरा आशीर्वाद और शुभकामनाएं आपके साथ हैं। कड़ी मेहनत करते रहें। जन्मदिन मुबारक हो। 
 
भारत के स्टार मुक्केबाज विजेंद्र सिंह ने सुशील के साथ एक तस्वीर साझा की और लिखा कि जन्मदिन मुबारक हो भाई। भारतीय ओलंपिक संघ के आधिकारिक ट्विटर पेज ने भी सुशील की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि आईओए दल की ओर से ओलंपिक रजत और कांस्य पदक विजेता एवं पद्मश्री से सम्मानित सुशील को जन्मदिन की बधाई।
 
सुशील को वर्ष 2005 में अर्जुन पुरस्कार, वर्ष 2009 में राजीव गांधी खेलरत्न और वर्ष 2011 में पद्मश्री जैसे देश के उच्च सम्मानों से नवाजा जा चुका है। (भाषा)