सौरव के नाम रहा राष्ट्रीय सीनियर बिलियर्ड्स का खिताब
इन्दौर। पीएसपीबी के सौरव कोठारी ने रेलवे के सिद्धार्थ पारीख को चार घंटे के संघर्ष के बाद 5-2 से शिकस्त देते हुए सीनियर बिलियर्ड्स का खिताब अपने नाम किया। कर्नाटक के बी. भास्कर को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा, जबकि चैथे स्थान पर पीएसपीबी के ध्वज हरिया रहे।
म.प्र. बिलियर्ड्स-स्नूकर एसोसिएशन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा मनीषा बिल्डर्स के संयुक्त तत्वाधान में खेली जा रही इस राष्ट्रीय स्पर्धा के सीनियर बिलियर्ड्स वर्ग के फायनल में सौरव के समक्ष उभरते खिलाड़ी सिद्धार्थ की चुनौती थी। सौरभ ने पहले चार फ्रेम आसानी से 154-112, 150-112, 150-82 तथा 151-15 जीत लि थे, लेकिन इसके बाद सिद्धार्थ ने पांचवें फ्रेम 151-104 तथा छठा फ्रेम 150-93 से जीत कर मैच में रोचकता ला दी।
लेकिन सिद्धार्थ सातवें फ्रेम में लड़खड़ा गए और कई ऐसी गलतियां करी जिससे वह खिताब से वंचित हो गए। सातवां फ्रेम सौरव कोठारी ने 150-31 से अपने नाम कर न सिर्फ राष्ट्रीय विजेता होने का गौरव अर्जित किया बल्कि वर्ष 2014 की सफलता को भी दोहराया। यह सौरभ का दूसरा राष्ट्रीय खिताब है।
दो वर्ष पूर्व उन्होंने फायनल में आलोक कुमार को मात दी थी। यह सिद्धार्थ का पहला ही फायनल मुकाबला था और वह पंकज आडवाणी जैसे दिग्गज खिलाड़ी को मात देकर खिताबी मुकाबले तक पहुंचे थे। इसके पूर्व सेमीफायनल में सौरव ने ध्वज हरिया को 4-1 से तथा सिद्धार्थ ने बी. भास्कर को 4-0 से पराजित किया था। तीसरे स्थान के लिए हुए मैच में बी. भास्कर ने ध्वज को 3-0 से हरा दिया।
सीनियर बिलियर्ड्स के सफल खिलाडि़यों को म.प्र. शासन के अतिरिक्त सचिव बसन्तप्रताप सिंह, म.प्र. टेनिस संघ के सचिव अनिल धूपर, एमरल्ड के संचालक मुक्तेश सिंह के आतिथ्य में वितरित किए गए। इस अवसर पर अशोक कुमट, भोलू मेहता, सुनील बजाज, विश्वेष पुराणिक मौजूद थे।
330 खिलाड़ी सीनियर स्नूकर में आजमा रहे हैं भाग्य : सीनियर स्नूकर के मुख्य दौर में खेलने के लिए देशभर के 330 खिलाड़ी योग्यता चक्र के मुकाबले में अपना भाग्य आजमा रहे हैं। अत्यधिक प्रविष्टियां आने के कारण मुकाबले सुबह 9 बजे से देर रात तक प्रतिदिन जारी है।
आज योग्यता चक्र के मुकाबलों में तमिलनाडु के प्रणीत रामचंदानी, गुजरात के रिंकेश पाठक, कनार्टक के गोपी एम., महाराष्ट्र के सूरज राठी, दिल्ली के अभिषेक आहुजा, बंगाल के रोहित मल्होत्रा, दिल्ली के धर्मेन्द्र सहवाग, रेलवे के निखिल गाड़गे, महाराष्ट्र के धारिया भंडारी तथा उ.प्र. के मनदीपसिंह अपने-अपने प्रतिद्वंदियों को मात देकर अगले दौर में प्रवेश किया।

