suvichar
Tue, 18 Aug 2026

Notifications

  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Simona Halep

सिमोना हालेप को चौंका ब्रिटिश स्टार कोंटा सेमीफाइनल में

Simona Halep
लंदन। वर्ष के तीसरे ग्रैंडस्लैम विंबलडन टेनिस चैंपियनशिप के मेजबान ब्रिटेन की जोहाना कोंटा ने महिला एकल अंतिम 8 मुकाबले में जीत दर्ज की तो वह 40 वर्ष बाद यहां सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली ब्रिटिश खिलाड़ी बन गईं।
 
महिला एकल क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के दिन टूर्नामेंट में 6ठी वरीय कोंटा ने सेंटर कोर्ट पर ब्रिटेन का झंडा बुलंद रखते हुए दूसरी वरीय रोमानिया की सिमोना हालेप को 3 सेटों के कड़े संघर्ष में 6-7, 7-6, 6-4 से हराकर पहली बार विंबलडन सेमीफाइनल में जगह बना ली। 
 
वर्ष 1978 में वर्जिन वेड ब्रिटेन की आखिरी महिला थीं जिन्होंने विंबलडन के सेमीफाइनल में जगह बनाई और खिताब भी जीता था। कोंटा के सामने अब सेमीफाइनल में वीनस की चुनौती रहेगी। इस हार से हालेप का जर्मनी की एंजेलिक केर्बर को पछाड़ नंबर 1 बनने का मौका भी हाथ से चला गया और कैरोलीना प्लिस्कोवा नंबर 1 बन गईं।
 
महिलाओं के अन्य अंतिम 8 के मुकाबलों में 10वीं सीड अमेरिका की वीनस विलियम्स ने फ्रेंच ओपन चैंपियन लात्विया की जेलेना ओस्तापेंका को 6-3, 7-5 से लगातार सेटों में हराया जबकि 14वीं सीड स्पेन की गरबाइन मुगुरुजा ने 7वीं वरीय रूस की स्वेत्लाना कुज्नेत्सोवा को उलटफेर का शिकार बनाते हुए लगातार सेटों में 6-3, 6-4 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बना ली।
 
मुगुरुजा के सामने अब गैरवरीय स्लोवाकिया की मैगाडेलेना रिबारीकोवा की चुनौती रहेगी जिन्होंने अमेरिका की कोको वेंडेवेगे को लगातार सेटों में 6-3, 6-3 से मात दी। यह मैच वर्षा के कारण काफी देर टालना पड़ा था जिसके बाद रिबारीकोवा ने पहली बार किसी ग्रैंडस्लैम के सेमीफाइनल में जगह बना ली। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
चेक गणराज्य की प्लिस्कोवा बनीं नंबर वन