1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Serena Williams, Angelique Kerber,

सेरेना का साम्राज्य ध्वस्त, केर्बर बनीं नई मल्लिका

Serena Williams
मेलबोर्न। जर्मनी की एंजेलिक केर्बर ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए विश्व की नंबर एक खिलाड़ी और गत चैंपियन सेरेना विलियम्स का साम्राज्य शनिवार को ध्वस्त कर ऑस्ट्रेलियन ओपन की नई मल्लिका होने का गौरव हासिल कर लिया।
सातवीं वरीयता प्राप्त केर्बर ने शीर्ष वरीय सेरेना को दो घंटे आठ मिनट तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में 6-4, 3-6, 6-4 से हराकर वर्ष के पहले ग्रैंड स्लैम का खिताब अपने नाम कर लिया। केर्बर ने इस जीत से सेरेना का जर्मनी की स्टेफी ग्राफ के 22 ग्रैंड स्लैम खिताब की बराबरी करने का सपना भी तोड़ दिया।
 
सेरेना को गत वर्ष 2015 के आखिरी ग्रैंड स्लैम यूएस ओपन में भी निराशा का सामना करना पड़ा था और उन्हें नये साल में भी निराशा झेलनी पड़ी। केर्बर का इससे पहले सेरेना के खिलाफ 1-5 का करियर रिकॉर्ड था लेकिन जर्मन खिलाड़ी ने यहां कई हिसाब एक साथ चुकता करते हुए नया इतिहास रच दिया। केर्बर इसके साथ ही ओपन युग में ग्राफ के बाद ग्रैंड स्लैम जीतने वाली दूसरी जर्मन महिला खिलाड़ी बन गईं। (वार्ता)