ओलंपिक टिकट के लिए न्यू दिल्ली मैराथन में दौड़ेंगे धावक
नई दिल्ली। राजधानी में रविवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से शुरू होने वाली न्यू दिल्ली मैराथन में देश के एलीट पुरुष और महिला धावक अगस्त में होने वाले रियो ओलंपिक का टिकट पाने के लक्ष्य के साथ उतरेंगे।
आईडीबीआई लाइफ इंश्योरेंस न्यू दिल्ली मैराथन के इस पहले संस्करण को भारतीय एथलेटिक्स महासंघ ने राष्ट्रीय चैंपियनशिप का दर्जा दिया है और इसमें फुल तथा हाफ मैराथन में लगभग 7000 धावक हिस्सा लेंगे। इस प्रतियोगिता में इन दोनों दौड़ों के लिए लगभग 35 लाख रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
आयोजकों ने शुक्रवार को नेहरू स्टेडियम में एक संवाददाता सम्मेलन में इस मैराथन की जानकारी देते हुए बताया कि 42.195 किलोमीटर की पूर्ण मैराथन में 31 एलीट पुरुष और 10 एलीट महिला धावक उतरेंगी जबकि 21.095 किलोमीटर की हाफ मैराथन में 28 एलीट पुरुष और 14 एलीट महिला धावक उतरेंगी।
पूर्ण मैराथन के विजेताओं को दो-दो लाख रुपए, दूसरे स्थान को एक एक लाख रुपए और तीसरे स्थान को 50-50 हजार रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी। हाफ मैराथन के विजेताओं को एक-एक लाख रुपए, दूसरे स्थान को 50-50 हजार रुपए और तीसरे स्थान को 25-25 हजार रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी। (वार्ता)

