1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Novak Djokovic Wimbledon 2018 semi-finals

विम्बलडन : नोवाक जोकोविच विम्बलडन के सेमीफाइनल में

Novak Djokovic
लंदन। पूर्व नंबर एक सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने अपनी वापसी का सिलसिला जारी रखते हुए जापान के केई निशिकोरी को बुधवार को चार सेटों में 6-3, 3-6, 6-2, 6-2 से हराकर विम्बलडन टेनिस चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। गत चैंपियन रोजर फेडरर दक्षिण अफ्रीका के केविन एंडरसन के खिलाफ हारकर विम्बडन से बाहर हो गए।
       
12वीं वरीयता प्राप्त जोकोविच ने 24वीं सीड निशिकोरी से यह क्वार्टर फाइनल मुकाबला 2 घंटे 34 मिनट में जीता। इस हार से निशिकोरी का पहली बार विम्बलडन के सेमीफाइनल में जाने का सपना टूट गया। निशिकोरी पहली बार विम्बलडन के क्वार्टर फाइनल में खेल रहे थे।
      
जोकोविच ने इस जीत के साथ निशिकोरी के खिलाफ अपना शानदार रिकॉर्ड बरकरार रखा और उसे 14-2 पहुंचा दिया। सर्बियाई खिलाड़ी ने इस तरह निशिकोरी के खिलाफ पिछले 13 मैच लगातार जीत लिए हैं। 
      
सर्बियाई खिलाड़ी चोटों और खराब फार्म के कारण विश्व रैंकिंग में टॉप 20 से बाहर हो गए थे, लेकिन विम्बलडन से पहले क्वींस क्लब चैंपियनशिप में उन्होंने फाइनल तक पहुंचकर दिखाया था कि वे वर्ष के तीसरे ग्रैंड स्लेम में कुछ कर गुजरने को तैयार हैं और अब वे सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं। जोकोविच ने ग्रैंड स्लेम में अपनी 249वीं जीत दर्ज की।
अगला लेख
बेल्जियम की हार के बाद ब्रसेल्स मेट्रो में बजा फ्रेंच राष्ट्रीय गान