गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Nehru Yuva Kendra presenting an example as Corona Warriors
Written By
Last Updated : गुरुवार, 7 मई 2020 (18:37 IST)

कोरोना वारियर्स के रूप में मिसाल पेश कर रहा है नेहरू युवा केन्द्र

कोरोना वारियर्स के रूप में मिसाल पेश कर रहा है नेहरू युवा केन्द्र - Nehru Yuva Kendra presenting an example as Corona Warriors
नई दिल्ली। कोरोना वायरस महामारी से जंग में हर कोई किसी न किसी रूप में प्रत्यक्ष या परोक्ष सहयोग कर रहा है और नेहरू युवा केंद्र जैसे संगठन भी इसमें पीछे नहीं हैं। यह संगठन अपने लाखों सदस्यों के माध्यम से जन सामान्य को जागरूक बनाने और मास्क एवं सेनेटाइजर की आपूर्ति में जोरदार सहयोग कर रहा है। 
 
युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के अधीन कार्यरत नेहरू युवा केंद्र संगठन के उपाध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह ने यूनीवार्ता को बताया कि देश के 623 जनपदों में स्थित नेहरू युवा केंद्र अपने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं लगभग 18000 युवा स्वयंसेवकों तथा युवा मंडलों के लाखों सदस्यों के माध्यम से जन सामान्य के बीच इस बीमारी से बचाव के तरीकों को अपनाकर लोगों को जागरूक करने के काम में लगा है। 
 
सिंह ने बताया कि जहां एक तरफ नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवक युवाओं से आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड कराने के जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर स्वयंसेवक युवा मंडलों के माध्यम से मास्क एवं सेनेटाइजर बनाकर जन सामान्य तक पहुंचाने का काम भी कर रहे हैं। संगठन के राज्य निदेशक जहां राज्य स्तर पर वहीं जिला युवा समन्वयक जिला स्तर पर प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर युवा स्वयंसेवकों के माध्यम से प्रशासनिक स्तर पर भी उन्हें सहयोग प्रदान कर रहे हैं। 
 
खेल एवं युवा मामले के केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू खुद भी सभी स्तरों पर निगरानी में जुटे हैं। दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि नेहरू युवा केंद्र संगठन के पास युवाओं का एक बहुत बड़ा नेटवर्क है जिसके माध्यम से सामाजिक दूरी का पालन करने, घर के बुजुर्गों का विशेष ख्याल रखने, घर से बाहर निकलने पर अनिवार्य रूप से मास्क लगाने और प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए आयुष मंत्रालय द्वारा जारी नियमों का पालन करने का संदेश लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। 
 
उन्होंने यह भी कहा कि संगठन की वर्तमान पीढ़ी के लिए यकीनन कोरोना महामारी एक चुनौती है, किंतु इससे पहले भी नेहरू युवा केंद्र के युवा स्वयंसेवकों ने सुनामी, 2001 के गुजरात भूकंप तथा चमोली और कश्मीर भूकंप जैसे हादसों में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। 
 
उपाध्यक्ष ने कहा, 'यह सही है कि नेहरू युवा केंद्र संगठन से संबंधित युवा पेशेवर नहीं हैं, किंतु ये जोश से भरपूर जरूर हैं। निश्चित तौर पर इस कोरोना जैसे महामारी से भी हम सभी संगठित रूप से समन्वय स्थापित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को साकार करने में सफल होंगे और जीत अंततः हमारी होगी।' (वार्ता)