1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. National billiards-snooker, S krishna,

राष्ट्रीय बिलियर्ड्स-स्नूकर चैम्पियनशिप में कृष्णा दोहरे खिताब की ओर

National billiards-snooker
इन्दौर। सब-जूनियर बिलियर्ड्स का खिताब अपने नाम करने वाले तमिलनाडु के शीर्ष वरीयता प्राप्त एस.कृष्णा दोहरी सफलता की ओर अग्रसर हो गए हैं। कृष्णा के अलावा हरियाणा के भुवन सैनी, दिग्विजय कडि़याल तथा कर्नाटक के शेख नजीज एहमद ने सब-जूनियर स्नूकर स्पर्धा के सेमीफायनल में स्थान सुनिश्चित कर लिया है। 
म.प्र. बिलियर्ड्स-स्नूकर एसोसिएशन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा मनीषा बिल्डर्स के संयुक्त तत्वाधान में राऊ स्थित एमरल्ड हाईट्स स्कूल में खेली जा रही राष्ट्रीय स्पर्धा के सब-जूनियर वर्ग के क्वार्टर फायनल में तमिलनाड़ु के एस.कृष्णा ने महाराष्ट्र के हरमेर मांगो को 2-0 से, हरियाणा के भुवन सैनी ने महाराष्ट्र के क्रिश गुरबक्षीयानी को 2-1 से, हरियाणा के ही दिग्विजय कडि़याल ने महाराष्ट्र के स्पर्श पेरवानी को 2-0 से तथा कर्नाटक के शेख नजीज एहमद ने गोवा के नेसवीन डिशूजा को 2-1 से हराया। नेसवीन के प्रदर्शन की दाद देनी होगी कि उन्होंने मात्र 13 वर्ष की आयु में क्वार्टर फायनल का सफर तय किया। 
म.प्र. के रितिक तीसरे दौर में : गुरुवार से ही प्रारम्भ हुए जूनियर बिलियर्ड्स स्पर्धा के मुख्य दौर के मुकाबलों में म.प्र. के रितिक जैन ने पहले दौर में आन्ध्र के मणीकिशोर को 382-155 अंकों से मात दी तो वहीं दूसरे दौर में भी उन्होंने अपने दमदार प्रदर्शन को बरकरार रखते हुए पंजाब के मेहरदीपसिंह को आसानी से 365-66 अंकों से हरा दिया। डेढ़ घंटे के मुकाबले के फार्मेट में तमिलनाडु के एस.कृष्णा, महाराष्ट्र के स्पित चड्डा, पंजाब के जेपनीतसिंह, कर्नाटक के एम.एल. लक्ष्मण, महाराष्ट्र के स्पर्श पेरवानी ने भी अगले दौर में अपना स्थान सुनिश्चित किया। 
निरंतर अभ्यास से मिलती है सफलता : आज इस स्पर्धा में देशभर से आए खिलाडि़यों का हौंसला बढ़ाने के लिए ऑल इंग्लैंड क्लब के प्रमुख कोच डैन ब्लोक्सहैम व रोड़ टू विम्बलडन के टूर्नामेंट डायरेक्टर पाल हटचिन्स भी एमरल्ड हाईट्स में पहुंचे थे। दोनों ही शख्सियतों ने नन्हें खिलाड़ियों को कड़ी मेहनत व निरंतर अभ्यास की सलाह दी व कहा कि निरंतर अभ्यास से ही आप सफल हो सकते हैं और आप जितना ज्यादा अभ्यास करेंगे, उतने परफेक्ट होंगे। हर एक खिलाड़ी से उन्होंने परिचय प्राप्त किया। इस दौरान आयोजन समिति के भोलू मेहता, सुनील बजाज, मुक्तेश सिंह व म.प्र. टेनिस एसोसिएशन के सचिव अनिल धूपर उपस्थित थे।