एस. कृष्णा ने लगातार दूसरी बार जीता सब जूनियर वर्ग का खिताब
इंदौर। वर्ल्ड चैंपियन और तमिलनाडु के शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी एस. कृष्णा ने अपने खिताब की रक्षा करते हुए फाइनल में महाराष्ट्र के स्पर्श पेरवानी को आसानी से पराजित कर मध्यप्रदेश बिलियर्ड्स-स्नूकर एसोसिएशन द्वारा आयोजित मनीषा राष्ट्रीय बिलियर्ड्स स्पर्धा के सब जूनियर वर्ग में लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
एमरल्ड हाईट्स स्कूल के स्पोर्ट्स हॉल में खेली जा रही इस स्पर्धा के बालक सबजूनियर बिलियर्ड्स के फाइनल में एस. कृष्णा ने महाराष्ट्र के स्पर्श पेरवानी को 251 अंकों के अंतर से मात दी।1 घंटे के फार्मेट में खेले गए इस मुकाबले में कृष्णा ने 415 तथा स्पर्श 164 पाइंट बनाए।
कृष्णा ने लगातार दूसरी बार सबजूनियर वर्ग का खिताब अपने नाम किया है। गत वर्ष भी वे इसी वर्ग के चैंपियन थे। साथ ही उन्होंने गत वर्ष आस्ट्रेलिया में अंडर-21 में वर्ल्ड बिलियर्ड्स चैंपियनशिप का खिताब भी जीता था। कृष्णा गत वर्ष राष्ट्रीय बिलियर्ड्स जूनियर वर्ग में रजत पदक जीतने में सफल रहे थे। साथ ही स्नूकर में कांस्य पदक जीता था।

