निराश नरसिंह बोले, मैं बेकसूर, मेरे खिलाफ साजिश
Publish Date: Sun, 24 Jul 2016 (16:01 IST)
Updated Date: Sun, 24 Jul 2016 (16:05 IST)
नई दिल्ली। डोप टेस्ट में नाकाम रहे पहलवान नरसिंह यादव ने रविवार को कहा कि वे बेकसूर हैं और यह पूरा मामला उनके खिलाफ साजिश है।
नरसिंह ने कहा कि यह मेरे खिलाफ साजिश है। मैंने कभी कोई प्रतिबंधित पदार्थ नहीं लिया है। भारतीय कुश्ती महासंघ ने भी इसमें साजिश का आरोप लगाते हुए कहा कि नरसिंह का पाक साफ इतिहास रहा है और यह षड्यंत्र है।
महासंघ के सूत्रों ने कहा कि इसमें साजिश हुई है। नरसिंह का पाक साफ इतिहास रहा है। उसके खिलाफ साजिश हुई है। नरसिंह के रियो ओलंपिक जाने की उम्मीद लगभग खत्म हो गई है जबकि सुशील कुमार भी नहीं जा सकेंगे।
सूत्र ने कहा कि 74 किलो वर्ग में नुमाइंदगी का फैसला बाद में लिया जाएगा लेकिन रियो में 74 किलो वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व नहीं होगा, क्योंकि खिलाड़ियों के नाम भेजने की मियाद खत्म हो चुकी है।
पिछले साल विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाले नरसिंह का रियो ओलंपिक के लिए चयन विवादित हालात में हुआ था, क्योंकि ओलंपिक के दोहरे पदक विजेता सुशील ने 74 किलो वर्ग में दावेदारी ठोकी थी।
नरसिंह ने चूंकि विश्व चैंपियनशिप के जरिए कोटा हासिल किया था तथा डब्ल्यूएफआई और दिल्ली उच्च न्यायालय दोनों ने सुशील की मांग खारिज कर दी। नरसिंह को हालांकि इसके लिए लंबी कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ी थी। (भाषा)