1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Madhya Pradesh Table Tennis Association

मध्यप्रदेश टेबल टेनिस संगठन आठवीं बार देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य टेबल-टेनिस संगठन घोषित

Madhya Pradesh Table Tennis Association
इंदौर। हाल ही में 17 मार्च को गुड़गांव (हरियाणा) में आयोजित टेबल-टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया की वार्षिक साधारण सभा की बैठक में मध्यप्रदेश टेबल-टेनिस संगठन को पूरे वर्ष की गतिविधियों का आकलन करते हुए देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य टेबल टेनिस संगठन घोषित किया गया है। संगठन को यह सम्मान आठवीं बार प्राप्त हुआ है।
 
बैठक में फेडरेशन के अध्यक्ष एवं सांसद दुष्यंतसिंह चौटाला, कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ. प्रेम वर्मा, महासचिव एमपी सिंह तथा एशियन टेबल टेनिस यूनियन के कोषाध्यक्ष धनराज चौधरी ने मध्यप्रदेश टेबल टेनिस संगठन के चेयरमैन ओम सोनी, अध्यक्ष नरेंद्र कौशिक, महासचिव जयेश आचार्य तथा कोषाध्यक्ष प्रमोद गंगराड़े को सम्मान चिन्ह प्रदान किया। सोनी तथा आचार्य को इस अवसर पर विशेष रूप से सम्मानित भी किया गया।
 
यद्यपि पिछले 2 वर्षों (2017 तथा 2018) में मध्यप्रदेश टेबल टेनिस संगठन को देश की सर्वश्रेष्ठ आयोजनकर्ता राज्य टेबल टेनिस इकाई भी घोषित किया जा चुका है।
 
ज्ञातव्य है कि देश के सर्वश्रेष्ठ राज्य टेबल-टेनिस संगठन का अवार्ड मध्यप्रदेश को आठवीं मर्तबा प्राप्त हुआ है। इसके पहले 1976, 1977, 1978, 1979, 1983, 1988 एवं 2016 में संगठन को देश की सर्वश्रेष्ठ राज्य टेबल टेनिस इकाई के रूप में सम्मानित किया जा चुका है।
 
इस शानदार उपलब्धि पर संगठन के आजीवन अध्यक्ष श्री अभय छजलानी, शरद गोयल, रिंकू आचार्य, प्रमोद सोनी, निलेश वेद, गौरव पटेल ने बधाइयां दी हैं।
अगला लेख
बैडमिंटन रैंकिंग में युवा लक्ष्य, रिया शीर्ष 100 में, साइना, सिंधू और किदांबी शीर्ष 10 में बरकरार