लिएंडर पेस मेरे पसंदीदा जोड़ीदार : नवरातिलोवा
नई दिल्ली। महान टेनिस खिलाड़ी मार्टिना नवरातिलोवा ने अपने पूर्व जोड़ीदार भारत के लिएंडर पेस की तारीफ करते हुए उन्हें अपना पसंदीदा मिश्रित युगल जोड़ीदार करार दिया है।
नवरातिलोवा ने यहां के डीएलटीए स्टेडियम में प्रदर्शनी मुकाबले से पहले कहा कि मिश्रित युगल वर्ग में मैं आज तक जितने भी जोड़ीदारों के साथ खेली, उनमें लिएंडर मेरे पसंदीदा हैं।
पेस और नवरातिलोवा ने वर्ष 2003 में ऑस्ट्रेलिया ओपन और विम्बल्डन के रूप में दो मिश्रित युगल ग्रैंड स्लैम खिताब जीते जबकि 2004 ऑस्ट्रेलियन ओपन और 2005 फ्रेंच ओपन टूर्नामेंट में यह जोड़ी उपविजेता रही थी।
59 वर्षीय नवरातिलोवा ने कहा कि मैं पहले भी कुछ मौकों पर दिल्ली आ चुकी हूं लेकिन मैं यहां कभी नहीं खेली। आज काफी लोग हमें खेलते हुए देखने के लिए आए हैं। यह शानदार अहसास है।
पेस-नवरातिलोवा की जोड़ी का सानिया मिर्जा-महेश भूपति की जोड़ी से प्रदर्शन मैच हुआ, जो टाई रहा। पेस-नवरातिलोवा ने पहला सेट 6-2 से जीता जबकि दूसरा सेट सानिया-भूपति ने 7-5 से अपने नाम किया।
नवरातिलोवा ने कहा कि हम इस मैच में कोई विजेता नहीं चाहते थे इसलिए मैच यहीं पर खत्म कर रहे हैं और निर्णायक सेट नहीं खेला जाएगा। इससे पहले टेनिस मास्टर्स का कोलकाता चरण सानिया और भूपति की जोड़ी ने जीता था।
वहीं इस वर्ष आईपीटीएल में जापान वॉरियर्स की तरफ से खेलने वाले पेस ने कहा कि मैं अभी तक 105 जोड़ीदारों के साथ खेल चुका हूं लेकिन देश का प्रतिनिधित्व करना हमेशा गर्व की बात होती है। (वार्ता)

