1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Indian contingent to get vaccinated in March

टोक्यो ओलंपिक जाने वाले भारतीय खिलाड़ियों को अगले महीने लगेगी वैक्सीन

टोक्यो ओलंपिक
नई दिल्ली: टोक्यो ओलंपिक में भाग लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों का कोविड-19 के लिये टीकाकरण मार्च के आखिर में शुरू हो सकता है क्योंकि खेल मंत्रालय ने स्वास्थ्य मंत्रालय से क्वालीफाई करने वाले खिलाड़ियों और उनके कोचों को प्राथमिकता सूची में रखने का औपचारिक आग्रह कर दिया है।
 
खेल मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार उन्होंने खाका तैयार कर लिया है तथा स्वास्थ्य मंत्रालय से मंजूरी मिलने पर उन्होंने ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का टीकाकरण अगले महीने से शुरू करने की योजना बनायी है।
 
मंत्रालय के अधिकारी ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘खेल मंत्रालय ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से तोक्यो ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को प्राथमिकता सूची में रखने का आग्रह किया है। हमने खिलाड़ियों, कोचों और सहयोगी स्टाफ के दो चरणों में होने वाले टीकाकरण के लिये पहले ही योजना तैयार कर ली है। ’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘अभी हम स्वास्थ्य मंत्रालय के जवाब का इंतजार कर रहे हैं। जब भी हमें उनकी तरफ से मंजूरी मिलेगी हम अपनी योजना पर अमल करना शुरू कर देंगे। हमारा इरादा ओलंपिक के लिये क्वालीफाई करने वाले खिलाड़ियों का मार्च के आखिर तक टीकाकरण शुरू करने का है। ’’
 
अभी तक भारत के 74 खिलाड़ियों ने तोक्यो में 23 जुलाई से आठ अगस्त के बीच होने वाले ओलंपिक खेलों के लिये क्वालीफाई किया है। इन खेलों को कोविड-19 के कारण एक साल के लिये स्थगित कर दिया गया था।
 
जिन खिलाड़ियों ने क्वालीफाई किया है उनमें 15 निशानेबाज, चार तीरंदाज, 32 हॉकी खिलाड़ी (पुरुष और महिला), चार पहलवान, नौ मुक्केबाज, एक घुड़सवार, चार व्यक्तिगत ट्रैक एवं फील्ड एथलीट और 4x400 मीटर रिले टीम शामिल है। इनमें से अधिकतर खिलाड़ियों ने कोविड-19 महामारी फैलने से पहले क्वालीफाई किया था।(भाषा)
अगला लेख
IPL 2021 की नीलामी में शार्टलिस्ट हुए अर्जुन तेंदुलकर, 20 लाख है बेस प्राइस