1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. India China badminton championship

भारत ने बैडमिंटन में चीन को 3-2 से हराया

Indian badminton team
हैदराबाद। भारत ने गुरुवार को यहां गाचिबावली इंडोर स्टेडियम में चल रही एशिया बैडमिंटन टीम चैम्पियनशिप में पुरुष वर्ग में चीन को 3-2 से पराजित किया।
के श्रीकांत, अजय जयराम और एचएस प्रणय ने अपने एकल मैचों में जीत दर्ज की, जिससे भारत ने चीन को पराजित किया। पांच मैच के मुकाबले में भारत ने तीन एकल जीते, लेकिन दो युगल मैच गंवा दिए। भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने पहले ही टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
 
पहले एकल में श्रीकांत ने चीन के होवेई टियान पर 21-11, 21-17 से हराकर भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई। श्रीकांत नौवें स्थान पर काबिज भारत के शीर्ष रैंकिंग के खिलाड़ी हैं। दूसरे एकल में अजय जयराम ने चीन के झेंगमिंग वांग को 22-20, 15-21, 21-18 से हराया।
 
हालांकि वांग रैंकिंग के हिसाब से जयराम से काफी आगे हैं, लेकिन इस भारतीय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी को कड़ी चुनौती दी। वांग 11वीं जबकि जयराम 25वीं रैंकिंग पर काबिज हैं।
 
भारत के एचएस प्रणय (27वीं रैंकिंग) को अपने से निचली रैंकिंग के प्रतिद्वंद्वी युकी शि को हराने में जरा भी पसीना नहीं बहाना पड़ा, उन्होंने चीनी खिलाड़ी को 21-14, 21-10 से पराजित किया।
 
हालांकि दोनों युगल मैच भारत के लिए काफी निराशाजनक रहे, जिसमें टीमों को हार मिली। मनु अत्री-सुमीत रेड्डी चीन के जुन्हुई लि जिहान कियू से 20-22, 11-21 से हार गए। दूसरे युगल में प्रणव जेरी चोपड़ा-अक्षय देवालकर को यिल्व वांग-वेन झांग से 10-21, 18-21 पराजय का मुंह देखना पड़ा।
 
चीन के खिलाफ भारत की जीत के बाद भारतीय खिलाड़ी और दर्शक खुशी से उछल पड़े, लोगों ने तालियां बजाकर अपनी खुशी का इजहार किया। मुख्य राष्ट्रीय कोच पुलेला गोपीचंद टीम स्पर्धा में चीन पर अपने खिलाड़ियों की जीत से काफी खुश हैं।
 
गोपीचंद ने कहा, हमारी पुरुष टीम की चीन पर शानदार जीत से मैं बहुत खुश हूं। मुझे पूरा भरोसा है कि हमारी टीम इसी लय को जारी रखेगी और देश को गौरवान्वित करेगी। पहला एकल जीतने वाले भारतीय टीम के कप्तान किदाम्बी श्रीकांत ने कहा, यह करीबी जीत थी और मैं खुश हूं कि टीम के सभी सदस्यों ने अच्छा प्रदर्शन किया। मुझे पूरा भरोसा है कि मेरी टीम अगले मैचों में विजयी लय जारी रखेगी। (भाषा)