kalsarpa dosh calculator
Sat, 28 Nov 2026

Notifications

  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Hockey India Pakistan

वर्ल्ड हॉकी लीग में भारत ने पाकिस्तान को 7-1 से ठोंका

World Hockey League Semifinals
लंदन। दुनियाभर की निगाहें जब भारत और पाकिस्तान के बीच आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के खिताबी मुकाबले पर टिकी हुई थीं तो लंदन में दूसरी ओर भारतीय हॉकी टीम ने विध्वंसक प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को एफआईएच वर्ल्ड लीग हॉकी सेमीफाइनल के पूल बी मैच में 7-1 से रौंदकर जीत की हैट्रिक पूरी कर ली।
 
भारतीय टीम इस जीत के साथ पूल बी में नौ अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंच गई है। भारत ने इससे पहले स्कॉटलैंड को 4-1 से और कनाडा को 3-0 से पीटा था। पाकिस्तानी टीम इससे पहले हॉलैंड से 0-4 से और कनाडा से 0-6 से करारी शिकस्त खा चुकी थी। पाकिस्तान को इस तरह लगातार दूसरे मैच में बड़ी हार का सामना करना पड़ा।
        
भारत की जीत में ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह, तलविंदर सिंह और आकाशदीप सिंह ने दो-दो गोल किये जबकि प्रदीप मोर ने एक अन्य गोल किया। पाकिस्तान का एकमात्र गोल मोहम्मद उमर ने किया। 
            
भारत और पाकिस्तान के बीच हॉकी के इस मुकाबले से ज्यादा लोगों की निगाहें लंदन के ओवल मैदान पर दोनों देशों की क्रिकेट टीमों के मैच पर लगी हुई थीं। मनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने गज़ब का प्रदर्शन करते हुये पाकिस्तान को शर्मनाक शिकस्त का स्वाद चखा दिया। भारत ने पहले हाफ में ही 3-0 की बढ़त बना ली थी, जिसके बाद पाकिस्तान के पास वापसी करने का कोई मौका नहीं रह गया था।    

टीम इंडिया का पहला गोल ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत ने 13वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर किया। उनके शानदार शॉट ने पाकिस्तान के गोलकीपर अमज़द अली को छका दिया। हरमनप्रीत का टूर्नामेंट में यह दूसरा गोल था। दूसरे क्वार्टर में 21वें मिनट में तलविंदर ने बाएं छोर से सरदार सिंह के शानदार प्रयास पर गोल किए। एस वी सुनील ने गेंद को डिफ्लेक्ट किया और तलविंदर ने अंतिम क्षणों में गेंद को गोल में पहुंचा दिया।
              
तलविंदर ने 24वें मिनट में एक और शानदार गोल कर भारत को 3-0 से आगे कर दिया। दूसरे हाफ के शुरू होते ही हरमनप्रीत ने भारत के चौथे पेनल्टी कार्नर पर पाकिस्तान के गोल का तख्ता खड़का दिया। भारत अब 4-0 से आगे हो गया है। आकाशदीप सिंह ने 47वें मिनट में भारत का पांचवां गोल दाग दिया।
 
मध्यांतर के बाद 33वें मिनट में हरमनप्रीत ने दागा चौथा गोल दाग दिया। इस तरह भारत ने इस मैच में पाकिस्तान के खिलाफ पर 5-0 से निर्णायक बढ़त हासिल कर ली है। चौथे क्वार्टर में भारत की तरफ से एक और गोल दाग दिया गया है। भारत अब इस मैच में 6-0 से आगे हो गया है। पाकिस्तान की टीम हमले जरूर कर रही है लेकिन भारत की मजबूत रक्षापंक्ति पाकिस्तानी फारवर्ड को डी में घुसने का मौका ही नहीं दे रहे हैं।

आकाशदीप ने गेंद संभालने के बाद अपने लिए जगह बनाई और उनके शॉट को रोकने का गोलकीपर अहमद अली के पास कोई मौका नहीं था। आकाश का टूर्नामेंट में यह तीसरा गोल था। उन्होंने अब तक तीनों ही मैचों में एक एक गोल किया है। रही सही कसर प्रदीप मोर ने 49वें मिनट में एक मुश्किल कोण से खूबसूरत गोल कर पूरी कर दी।
 
भारत अब 6-0 से आगे हो चुका था। छ: गोल खाने के बाद पाकिस्तान ने अपना गोलकीपर बदल दिया। अमज़द अली बाहर चले गए और हज़र अब्बास को उनकी जगह उतारा गया। हज़र के आने के बाद पाकिस्तान को उसका पहला गोल मिल गया। मोहम्मद उमर ने 57वें मिनट में मैदानी गोल से हार का अंतर कम किया, लेकिन 59वें मिनट आकाशदीप ने अपना दूसरा गोल दागते हुए भारत को 7-1 से जीत दिला दी। 
 
आकाशदीप का टूर्नामेंट में यह चौथा गोल था। आकाश अब टूर्नामेंट में सर्वाधिक गोल के मामले में अर्जेंटीना के गोंजालो पिलेट के बाद दूसरे नंबर पर आ गए हैं। गोंजालो के छ: गोल हैं। भारत का अगला मुकाबला 20 जून को हॉलैंड से होगा जबकि इससे एक दिन पहले 19 जून को पाकिस्तान की टीम स्कॉटलैंड से भिड़ेगी।   
ये भी पढ़ें
उद्धव से मिले शाह, राष्ट्रपति चुनाव के लिए मांगा समर्थन