Sat, 25 Jul 2026

Notifications

  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Federer wins Miami open

नडाल को हरा फेडरर बने मियामी ओपन चैंपियन

Roger Federer
मियामी। इस वर्ष ऑस्ट्रेलियन ओपन जीत चुके स्विट्‍जरलैंड के रोजर फेडरर ने अपनी शानदार लय जारी रखते हुए स्पेन के दिग्गज राफेल नडाल पर एक बार फिर श्रेष्ठता साबित की और उन्हें यहां फाइनल में लगातार सेटों में 6-3,6-4 से हराकर मियामी ओपन टेनिस टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया।

18 ग्रैंड स्लेम खिताब जीत चुके फेडरर की यह 91 वीं करियर खिताबी जीत है जबकि यहां उनका तीसरा खिताब है। फेडरर के खिलाफ इस साल लगातार तीन पराजयों का सामना करने वाले नडाल यहां अपने पहले खिताब की तलाश में थे लेकिन फेडरर ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया। मेलबोर्न फाइनल और इंडियन वेल्स की हार की तरह यहां भी उनकी चुनौती को पीछे छोड़ते हुए खिताब अपने नाम किया। खिताब जीतने के बाद चौथी सीड फेडरर ने कहा, 'यह वर्ष मेरे लिए बेहतरीन साबित हो रहा है। मेरे लिए यह सपने के सच होने जैसा है।'

सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के निक किर्गियोस को मैराथन संघर्ष में 7-6, 6-7, 7-6 से हराने वाले पूर्व नंबर एक फेडरर ने फाइनल में जबरदस्त अंदाज में खेल दिखाते हुए अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी को कोई मौका नहीं दिया और स्पेन के इस स्टार खिलाड़ी पर लगातार चौथी जीत दर्ज की। मैच में फेडरर ने जबरदस्त सर्विस करने के अलावा ब्रेक अंक भी बचाए। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज को चौथे टी-20 में हराकर श्रृंखला जीती