शंघाई में कोहरे ने रोका 'एफवन रेस अभ्यास'
Publish Date: Fri, 7 Apr 2017 (22:29 IST)
Updated Date: Fri, 7 Apr 2017 (22:36 IST)
शंघाई। चीन में खराब मौसम और घने कोहरे की वजह से चाइनीज फार्मूला वन ग्रां प्री रेस के पहले अभ्यास सत्र को दो बार रोकने के बाद आखिरकार शुक्रवार को यहां रद्द करना पड़ा। करीब 14 ड्राइवरों को फिसलन की समस्या से जूझना पड़ा।
90 मिनट के ग्रां प्री रेस के सत्र को कोहरे के कारण दो बार रोकना पड़ा और इसकी समाप्ति से चंद मिनट पहले फिर इसे यहां शंघाई इंटरनेशनल सर्किट पर रोक देना पड़ा। करीब 14 ड्राइवरों को मौसम के कारण टायरों के गीले होने और फिसलन की समस्या से जूझना पड़ा।
हॉलैंड के युवा ड्राइवर मैक्स वेर्साटापेन रेड बुल के लिए इस दौरान 5.4 किलोमीटर सर्किट पर 50.491 सेकंड का समय लेकर सबसे तेज रहे। चैंपियनशिप जीतने के प्रबल दावेदार लुईस हैमिल्टन ने कोई समय निर्धारित नहीं किया। मर्सिडीज के ब्रिटिश रेसर हैमिल्टन चीन में पांचवीं बार खिताब के लिए उतर रहे हैं। जर्मनी के सेबेस्टियन वेटल और किमी रेकोनेन भी अभ्यास में उतरे।
खराब मौसम के कारण अधिकतर ड्राइवर ऐसी परिस्थितियों में ट्रैक पर आगे जाने में कतरा रहे थे लेकिन निको हल्केनबर्ग ने अपनी रैनो में ऐसी कोशिश की लेकिन उन्हें एक स्कूटर पर वापस पिट में लौटना पड़ा। सत्र के शुरू होने के चार मिनट बाद ही इसे रोकना पड़ा और फिर लाल झंडे के तहत इसे फिर से शुरू कराया गया। हालांकि इसे कुछ देर बाद ही फिर बंद कर दिया गया। खराब मौसम के कारण स्थानीय हवाई अड्डे को भी बंद करना पड़ा है और यह संदेश वहां स्क्रीन पर भी दिखाया गया। (वार्ता)