Daily Horoscope
Fri, 30 Oct 2026

Notifications

  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Cristiano Ronaldo, Real Madrid

रोनाल्डो की वापसी रही फीकी, रियाल मैड्रिड हारा

Cristiano Ronaldo
मैड्रिड। स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो अपने वापसी मैच में भी कोई जादू नहीं बिखेर सके और  ला लीगा फुटबॉल चैंपियनशिप मुकाबले में रियाल मैड्रिड को रियाल बेतिस से 0-1 की शिकस्त झेलनी पड़ गई।
       
मैड्रिड के पूर्व गोलकीपर एंटोनियो एडन के जबरदस्त बचावों और स्टॉपेज टाइम में एंटोनिया सनाब्रिया के गोल से बेतिस ने मौजूदा लीगा चैंपियन को चौंकाते हुए शानदार जीत दर्ज की। निर्धारित समय के आखिरी मिनट में सनाब्रिया का शॉट ऑफ साइड चला गया लेकिन फिर 94वें मिनट में उन्होंने मैच विजयी गोल दाग दिया।
        
इस शिकस्त से मैड्रिड अब घरेलू तीन ला लीगा मैचों में इस सत्र में अब तक कोई मैच नहीं जीत सकी है और तालिका में सातवें स्थान पर है। वह शीर्ष पर चल रही बार्सिलोना से सात अंक पीछे है जिसने एक अन्य मैच में ऐबार को 6-1 से हराकर अपनी लगातार पांचवीं जीत दर्ज की।  
        
एटलेटिको मैड्रिड ने एटलेटिको बिलबाओ के खिलाफ 2-1 की जीत के साथ अपने अपराजेय क्रम को बरकरार रखा और तीसरे स्थान पर पहुंच गई, जबकि सेविला ने घरेलू मैदान पर लास पल्मास को 1-0 से हराया। 
          
अन्य टीमों की तरह चैंपियन मैड्रिड की इस बार शुरुआत अच्छी नहीं रही। पिछले सत्र में ब्राजील के सांतोस के लगातार 73 मैचों को जीतने के 54 वर्ष पुराने रिकॉर्ड की बराबरी करने वाली जिनेदिन जिदान की मैड्रिड इस बार उतने जोश में दिखाई नहीं दी। पांच मैचों के निलंबन के बाद सत्र का अपना पहला ला लीगा मैच खेल रहे रोनाल्डो ने मैच में बनाए गए गोल के सभी मौके बेकार कर दिए।
         
मैच के दोबारा शुरू होने के बाद मैड्रिड के पूर्व गोलकीपर एडन ने टोनी क्रूस और गैरेथ बेल के गोल के प्रयासों को बेकार किया। (वार्ता)   
ये भी पढ़ें
जापान ओपन : सिंधू-साइना बाहर, श्रीकांत-प्रणय क्वार्टर फाइनल में