1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Commonwealth Games 2018, Indian Weightlifter, Deepak Lathar

दीपक लाठेर बने राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले सबसे युवा भारोत्तोलक

Commonwealth Games 2018
गोल्ड कोस्ट। भारत के युवा भारोत्तोलक दीपक लाठेर शुक्रवार को यहां 69 किग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर राष्ट्रमंडल खेलों में देश के लिए पदक जीतने वाले सबसे युवा भारोत्तोलक बन गए। राष्ट्रमंडल खेलों में पदार्पण कर रहे हरियाणा के 18 साल के लाठेर कुल 295 किग्रा (136 किग्रा+159 किग्रा) का भार उठाकर तीसरे स्थान पर रहे।


उनके करीबी प्रतिद्वंद्वी वैपावा लोअने अंतिम 2 भार नहीं उठा सके जिससे उनका कुल भार 292 किग्रा ही रह गया। इस स्पर्धा का स्वर्ण वेल्स के गारेथ ईवांस (299 किग्रा) और रजत श्रीलंका के इंदिका दिस्सानायके (297 किग्रा) के नाम रहा।

लाठेर के नाम सबसे कम उम्र में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने वाले में भी शामिल है। उन्होंने 15 साल की उम्र में 62 किग्रा वर्ग में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। सैन्य खेल संस्थान में चालक का प्रशिक्षण ले रहे लाठेर की प्रतिभा देख कोचों ने उन्हें भारोत्तोलन में हाथ आजमाने की सलाह दी।

इससे पहले भारोत्तोलन में मीराबाई चानू (48 किग्रा) और संजीता चानू (53 किग्रा) ने महिला वर्ग में स्वर्ण पदक जीता तो वही पी. गुरुराजा ने 56 किग्रा पुरुष वर्ग में रजत पदक अपने नाम किया। भारतीय भारोत्तोलकों ने इन खेलों में अब तक 4 पदक जीते हैं। (भाषा)
अगला लेख
डेविस कप में पहली बार हार की कगार पर भारत