1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Asian Champions Trophy Hockey

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी में भारत ने ओमान को 11-0 से रौंदा, दिलप्रीत की हैट्रिक

Asian Champions Trophy Hockey
मस्कट। गत चैंपियन भारत ने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए मेजबान ओमान को हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट में 11-0 से रौंद डाला। भारत ने पहले हाफ में चार और दूसरे हाफ में सात गोल दागे। इससे पहले मलेशिया ने टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता जापान को 3-0 से पराजित किया।


मैच का पहला क्वार्टर गोल रहित रहने के बाद भारत ने जो गति पकड़ी तो फिर शेष तीन क्वार्टर में 11 गोल दागकर ही दम लिया। दिलप्रीत ने दूसरे हाफ में शानदार हैट्रिक लगाई। भारत ने 8 पेनल्टी कॉर्नर में से 5 को भुनाया, जबकि ओमान को एक भी पेनल्टी कॉर्नर नहीं मिला।

ललित उपाध्याय ने 17वें मिनट में भारत के लिए गोल की शुरुआत की। हरमनप्रीत ने 22वें मिनट में भारत का दूसरा गोल दागा, जबकि नीलकांत शर्मा ने 23वें मिनट में स्कोर 3-0 कर दिया। मनदीप सिंह ने 29वें मिनट में स्कोर 4-0 पहुंचा दिया।

गुरजंत सिंह ने 37वें मिनट में भारत का पांचवां गोल किया, जबकि दिलप्रीत ने 41वें मिनट में छठा गोल किया। आकाशदीप सिंह ने 48वें मिनट में सातवां, वरुण ने 49वें मिनट में आठवां, दिलप्रीत ने 51वें मिनट में नौवां, हरमनप्रीत ने 53वें मिनट में 10वां और दिलप्रीत ने 57वें मिनट में 11वां गोल किया।
अगला लेख
देवधर ट्रॉफी में खेलेंगे रविचंद्रन अश्विन और अजिंक्य रहाणे