1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. All India Football, Indore
Written By
Last Updated : रविवार, 27 दिसंबर 2015 (12:25 IST)

अभा फुटबॉल स्पर्धा में स्पोर्टिंग यूनियन व आदिवासी क्लब मुख्य दौर में

All India Football
इन्दौर। सेन्ट्रल जिमखाना क्लब द्वारा प्रकाश सोनकर की स्मृति में आयोजित अखिल भारतीय बैली गोल्ड कप नकद इनामी फुटबॉल स्पर्धा में पहले चरण की समाप्ति के बाद न्यू यूनाइटेड महू, आदिवासी क्लब, चैलेंजर यूनाइटेड व स्पोर्टिंग यूनियन ने जीत दर्ज कर मुख्य दौर में अपना स्थान सुनिश्चित किया। 
नेहरू स्टेडियम में खेली जा रही इस स्पर्धा के पहले चरण के अंतिम दौर के मैच में न्यू यूनाइटेड महू व कुशाभाऊ ठाकरे क्लब का मुकाबला निर्धारित समय तक गोलरहित रहा। पेनल्टी में दोनों टीमें 5-5 से बराबरी पर थीं, अंततः सडनडेथ में बाजी न्यू यूनाइटेड के पक्ष में 8-7 से रही। 
 
दूसरे मुकाबले में रवि के सुन्दर मैदानी गोल की बदौलत आदिवासी क्लब ने गोल्डन क्लब को 1-0 से हराया। तीसरे मुकाबले का फैसला भी टाईब्रेकर के जरिए निकला, जिसमें चैलेंजर यूनाइटेड ने आनंद इलेवन को 4-3 से हराया। यह मुकाबला भी निर्धारित समय तक गोलरहित रहा था। चौथे व अंतिम मुकाबले में धर्मेन्द्र खरे व अंकित रावत के गोल की मदद से स्पोर्टिंग यूनियन ने एसएफ बॉयज को 2-0 से मात दी। 
मुकाबलों के दौरान विधायक महेन्द्र हार्डिया, मोहन सेंगर, मुकेश कचोलिया, डॉ. विजय नाचाणी, डॉ. एसएन गोयल, डॉ. अनुराग भार्गव, रामदास माहेश्वरी, किशोर मीणा, परमानंद सिसोदिया व भरत मथुरावाला ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। स्वागत रमेश मूलचंदानी, संजय बांकड़ा, जितेन्द्र गर्ग, पवन सिंघल, संजय विजयवर्गीय, मनोज काला, मनोहर मस्ताना, शरद गोयल, अतुल अग्रवाल, सुरेश ऐरन, जमना सिलावट, नारायण खरबड़ीकर, महेश दलोद्रा व शेख हमीद ने किया। 
 
रविवार को पहला मुकाबला एनएफए नीमच विरुद्ध चैलेंजर यूनाइटेड तथा दूसरा मुकाबला डायमंड रॉक बालाघाट विरुद्ध आदिवासी क्लब के बीच खेला जाएगा।